सूरज या चंदा दोनों में क्या चुन ले हम
धरती आसमान दोनों में भी एक चुनना
नींद और जागने में बस एक चुनें हम ?
या हिस्से में दिन दिन चुन लें
या हिस्से में रात रात ही
सांस या भीतर ही खींचे हम
या तो बाहर ही छोड़े हम ? कैसे आख़िर
कैसे कोई संगीतकार बस एक राग ही चुन ले
आँखो से कैसे कह दूँ पूरे जीवन भर एक स्वप्न ही बुन ले
दोस्त और दिलबर में कोई किसको छोड़े
माँ का दिल तोड़े या बीवी का दिल तोड़े
हे ईश्वर छोटा सा बच्चा दोनों मुठी में दो लड्डू
माँग रहा था
तुमको
इसकी तो सुनना था
बच्चे को
अलग हो रहे माँ बाप में एक को चुनना था
-स्वयं श्रीवास्तव
