ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में सेव सपने

    ज़िन्दगी सबको सब कुछ नहीं देती, पर बहुत कुछ देती है और देने के साथ बहुत कुछ छीन भी लेती है। जिंदगी में बहुत प्यार करने वाले माता-पिता मिले जिन्होंने हर पग मेरा साथ दिया। जो माता-पिता के साथ मेरे मित्र, मार्गदर्शक, आलोचक सभी कुछ बने। जब ज़िन्दगी ने उन्हें मुझसे छीन लिया तो निस्वार्थ प्रेम जैसे मेरे लिए मिट ही गया। मायका नाम का शब्द मेरे ज़िन्दगी के शब्दकोश से मिट गया। माता-पिता के जाने के बाद लोगों के मायके थोड़े-बहुत भाइयों के कारण बने रहते हैं मेरे लिए वह भी नहीं रहा। सपने टूटने लगे। वे शब्दों में आकार लेना चाहते थे, पर डरती थी कि कहीं उन्हें शब्द मिले तो उन टूटे सपनों की किरचें मेरे तथाकथित अपनों को लहूलुहान ना कर दें इसलिए उन्हें ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में सेव करके रख दिया ताकि वे कभी सिर उठाने का साहस ना कर सकें।
      पर ज़िन्दगी तो ज़िन्दगी है रुकने कहाँ देती है। अपने को फिर से संभाला, फेसबुक और अन्तरा शब्दशक्ति ने इसमें बहुत बड़ी भूमिका निभायी। नये सपने जन्म लेने। उनकी आहट केवल मुझे सुनाई देती थी। उनको सुनना, उनसे बात करना मेरी आदत बन गयी। जब वे शब्द माँगने लगे तो कलम हाथ में थामी और डायरी में वे शब्दों के रूप में ढलने लगे। मेरी डायरी मेरी पक्की वाली सहेली बनी जो आज भी मेरे हर सुख-दुख की साथी है।
          ज़िन्दगी ने सपने देखने का जो दृष्टिकोण मेरे अंतर्मन में विकसित किया उसी ने संघर्ष करने का साहस भी दिया, विजय की प्रसन्नता दी तो पराजय के दुख को सहने-सँभलने का मार्ग भी दिखाया। कमी कहूँ या अपना अवगुण कहूँ मैं अपने मन की बात हर किसी से तो कहना बहुत दूर की बात है अपनों तक से भी नहीं कह पाती। मन की ये बातें, टूटे सपनों का दुख, नये सपनों की आहट बस ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में सेव करती जा रही हूँ। मैं नहीं जानती कि ये ड्राफ्ट अपने मौलिक रूप में कभी साकार रूप ले पायेंगे भी या मेरे जीवन की अंतिम यात्रा के साथ ये भी अग्नि को समर्पित हो जायेंगे, पर जब तक जीवन है अंतिम श्वास तक सपनों को देखने और उन्हें पूरा करने की मुहिम चलती रहेगी। जो नहीं पूरे होंगे वे ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में सेव करती जाऊँगी। अगले जन्म का तो किसी को भी नहीं पता, पर मिला तो इन्हीं सेव ड्राफ्ट से ही आरम्भ करूँगी इतना तो निश्चित है।
         जो मिला उसके लिए भी ईश्वर का आभार है और जो नहीं मिला उसके लिए भी ईश्वर का आभार है क्योंकि ईश्वर ने ही इस समय उसे मेरे लिए उपयुक्त नहीं समझा और ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में पुनरावलोकन करने का समय देकर सेव करने का अवसर प्रदान किया है। बच्चन जी ने कहा भी है… “ मन का हो तो अच्छा, मन का ना हो तो और भी अच्छा क्योंकि वह ईश्वर के मन का होता है।”

-डॉ. भारती वर्मा बौड़ाई

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x