बचपन में हमने अनेक सपने देखे थे—कुछ बनने के, कुछ सीखने के, कुछ घूमने के, कुछ अपने लिए जीने के। लेकिन जैसे-जैसे जिम्मेदारियाँ बढ़ती गईं, वैसे-वैसे उन सपनों पर “बाद में” का टैग लग गया। पढ़ाई, नौकरी, परिवार, आर्थिक जिम्मेदारियाँ और सामाजिक अपेक्षाएँ,इन सबके बीच हम अपने सपनों को टालना सीख जाते है। जिम्मेदारियों के चलते अपने सपनों को केवल मन में कहीं सुरक्षित रखकर संतुष्ट हो जाते हैं। हमें लगता है कि अभी समय नहीं है, परिस्थितियाँ अनुकूल नहीं हैं और उम्र निकल जाती है। धीरे-धीरे वह “ड्राफ्ट” हमारी आदत बन जाता है और सपने सूची से गायब होने लगते हैं। सपनों का उद्देश्य केवल उन्हें संजोकर रखना नहीं, बल्कि उन्हें साकार करना है। कभी कोई नई भाषा सीखना, कोई पुस्तक लिखना, चित्र बनाना, संगीत सीखना, अपने माता-पिता के साथ समय बिताना जीवन के खूबसूरत सपने हो सकते हैं। यदि हम प्रतिदिन उनके लिए थोड़ा-सा समय निकालें, तो वर्षों से सेव पड़ा वह ड्राफ्ट धीरे-धीरे पूर्णत की ओर ले जाया सकता है।
मेरे ऐसे ही कुछ सपनो में शामिल है, लेखन को सुधारना, और अपने माता पिता की जितनी हो सके मदद करना, जिसके लिए मै हमेशा से प्रयासरत थी, हूं और रहूंगी। सपना साकार नहीं हुआ है ,पर उम्मीद है कि एक दिन जरूर होगा।
जीवन हमें बार-बार यह अवसर नहीं देता,इसलिए जरूरी है उन्हें जीने का साहस भी करें। क्योंकि एक दिन ऐसा भी आता है जब ज़िन्दगी का अंतिम पन्ना बंद हो जाता है और तब सबसे बड़ा अफसोस अधूरे रह गए सपनों का होता है ।तो आज हो अपने जीवन के उन “ड्राफ्ट” को फिर से खोलें। जो सपना अभी भी धड़कनों में जीवित है, उसे केवल सेव न रखें, उसे पूरा करने की शुरुआत करें। क्योंकि सपनों की असली जगह ड्राफ्ट नहीं, बल्कि हमारी हकीकत है।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
