मेरे ढाई-तीन वर्षीय पोते ने
जमीन पर पसरकर
बॉक्स के बिखरे खिलौनों मे से
एक छाता उठाया,
उस छाते से बात करने को
कुछ बुदबुदाया।
जवाब में
छाता जो कहना चाहता है
शायद उसे
हर कोई न सुन पाए,
आओ छाते की उस भाषा का
हम ही पता लगाएं ।
उसने कहा
धड़कता है मेरा दिल,
और सांसें लेता है मेरा यह तन,
तभी तो बारिश की हर सुबह
एक गहरी आत्मीयता लिए
पाकर स्पर्श तुम्हारा
खिल उठता है मेरा मन।
मैं सिर्फ़ धूप और बारिश का
रखवाला नहीं हूँ,
मैं गवाह हूँ
तुम्हारी जिंदगी की
कसमकश का,
तुम्हारी अनकही उदासियों
और भीगे हुए खाररस का,
जिन्हें अक्सर
तुमने मेरे साये में
दुनिया की नज़रों से छिपाया है,
मैने भी राजदार होते हुए
अपनेपन का रिश्ता
बखूबी निभाया है।
मैं चाहता हूँ तुम्हें सिखाना
कि तूफ़ानों के सामने सीना तानकर
कैसे खड़ा हुआ जा सके,
ताकि जिसके सिर पर हमारा साया है,
वह सुरक्षित रह मुस्कुरा सके।
मैं यह भी कहूँगा
कि जब तक तुम्हारे भीतर सामर्थ्य है
किसी की ढाल बनो,
तपन खुद झेलो,
अपनों के लिए छाँव बनो।
और हाँ, याद रखना
मौसम चाहे जितना तीक्ष्ण हो,
वक्त आने पर खुल जरूर जाना,
और काम पूरा हो जाने पर
सहजता से सिमटना जाना।
लेकिन अफ़सोस यही
तुमने मेरी अहमियत अभी तक न जानी,
धूप-बारिश में तो याद करते रहे,
बाकी समय की उपेक्षा, घोर बेइमानी।
फिर भी,
मैं नहीं चाहता
कोई शिकवा तुम्हें सुनाना,
क्योंकि मेरा अस्तित्व ही यही है
दूसरों को सुरक्षा देना
फिर गुमनाम हो जाना।
मित्रों,
छाते का यह स्पंदन अगर समझ आया हो,
अंश मात्र निभा जाना,
तुम भी अपनों के लिए
किसी दिन छाता बन जाना।
-प्रदीप कुमार अरोरा
