युगधारा है असमंजस में
भौचक हैं
चेतन-अवचेतन
सूचकांक पग-पग पर बैठे
उन्नति का
कर रहे विवेचन !
कितना संवेदी झुकाव है
आम आदमी के
जीवन पर
रोटी का हर कौर काँपता
नून-तेल के
सपने लेकर
खुदरा दामों की मंडी में
उठता गिरता
दिनभर अंकन !
ऊपर से हो रही घोषणा
संयम और
धैर्य अपनायें
रखकर खाली हाथ सभा में
हँस-हँसकर
तालियाँ बजायें
उन्मादी कर रहे व्यवस्था
चलता रहे
मूक सम्मेलन !
घूम रहे हैं भूमंडल में
विश्वग्राम के
व्यंजन खाने
परिचय देने को आतुर हैं
पहन दलालों के
दस्ताने
अर्थशास्त्र कुनमुना रहा है
कैसे हो
आपात् प्रबन्धन !
-जगदीश पंकज
