घनघोर घटा जब छाती है,
सबके मन वो हर ले जाती है।
ठंडी-ठंडी हवा चहुँ ओर,
शीतलता लेकर आती है।
वन-उपवन खिल जाते हैं सब,
गाए पपीहा ,मोर नाचे तब।
नदियों की धारा कहती है,
कोई पथिक न प्यासा हो अब।
धरती ओढ़े हरित चुनरिया,
महके खेत और हर क्यारी।
बूंदों की मधुरिम झंकारों से,
गूंज उठे सारी फुलवारी।
काले मेघों की छांव तले,
जीवन का संगीत सँवरता।
सूखी डाली के नव पल्लव पर,
आशा का संदेश बिखरता।
किसान के चेहरे पर मुस्कान,
पूरा होता उसका अरमान।
लहलहाती फसलों की खुशबू,
भर देती है हर इक खलिहान।
सुख-समृद्धि का संदेश सुनाए,
काली घटा जब यूँ छा जाए।
बरसे सावन अमृत बनकर,
जड़ -चेतन का जीवन हर्षाए।
-रीति झा
