नभ पर छायी घनघोर घटा और बरसे बादल,
..तनमन भींगा ,जीवन भींगा,भींग गया हर पल।
जाने कैसी बूंदे बरसी ,मेरे आँगन में,
भींग गया तन मन जीवन सब भींगे सावन में।
कजरारे मेघों ने कैसा जादू कर डाला,
रिमझिम बूंदों ने, जीवन का हर पल रंग डाला ।
शाम सुहानी आती है,सन्देश नया लेकर,
सपने सजते हैं पलकों पर ले इन्द्रधनुष के पर।
शीतल हवा सुना जाती है बात किसी पल की,
नन्हीं बूंदें दोहरा जातीं, बातें जो कल की।
जावा कुसुम के पात खिल गए,कलियाँ मुस्काईं,
लहराया अशोक, चमेली, -जाने क्यों शरमाई?
तुलसी के पत्तों से बूंदें टपक रहीं टप टप,
भीगी धरती के आँचल में मौन हो गया सब।
-पद्मा मिश्रा
जमशेदपुर
