नारी तेरी यही कहानी,
ऑंचल में है दूध और ऑंखों में पानी..
इसे आगे बढ़ाएं तो कह सकते हैं..
नारी तेरी यही कहानी,
कौन सा घर है तेरा,बता न सका कोई ज्ञानी..
बड़ी विडंबना है कि जिसके बगैर घर भूतों का डेरा माना जाता है उसका स्वयं का कोई घर नहीं होता है। वैसे परिस्थितियां अब बदल गई हैं। जमीन-जायदाद, व्यापार आदि में महिलाएं बराबरी की भागीदारी निभा रही हैं पर घर के मामले में अभी भी कथनी तो कम से कम वहीं की वहीं है।
पहले पिता का घर, फिर पति का घर, फिर उत्तराधिकार के रूप में बेटे का घर!!
नैहर में अपने घर जाकर करना, सुसराल में ये तुम्हारा घर नहीं है… सुन-सुनकर बेचारी हतप्रभ रह जाती है। आखिर उसका कौन सा घर है!!!
भला हो कानून बनाने वालों का जिसमें पिता व पति की संपत्ति में बेटियों और पत्नी को भी अधिकार प्राप्त हो चुका है वर्ना पहले तो वास्तविकता बहुत भयानक थी।
जहां नारी का निवास व आदर होता है, वहां लक्ष्मी व सुख-समृद्धि का भी वास होता है कहने वाले समाज के ठेकेदार और मठाधीश स्वयं ही औरत जात को पीछे ढकेलने व नीचे गिराने से नहीं चूकते हैं।
आज औरत किसी परिचय की मोहताज नहीं है। कभी अछूते रहने वाले क्षेत्रों में भी अपनी कामयाबी का लोहा मनवा चुकी है। अतः उसे उसका अधिकार, सम्मान व उसका अपना घर उसे देना ही होगा।
बीत गया सो बीत गया,
अरे वो तो जमाना पुराना था…
नये चलन की चाल है देखी,
हर औरत का घर है अपना…
-सुषमा अग्रवाल
नागपुर (महाराष्ट्र)
