इतना तो तय है कि मेरे लिए भी रखी जाएगी एक शोक सभा…!
गुलाब होंगे, गेंदा भी होगा…दो मिनट का मौन होगा, कुछ नम आँखें,कुछ भीगे स्वर, कुछ यादें…
और फिर…
जीवनअपनी पुरानी चाल से चल पड़ेगा।
आख़िर जीवन ने कभी किसी एक मनुष्य के लिए रुकना सीखा ही कहाँ है…
इतना तो कर ही चुकी हूँ कि
मेरे जाने के बाद मेरे शब्द मुझसे अधिक जीवित रहेंगे।
लोग कहेंगे अच्छा लिखती थीं
अच्छी थी,.. आदि,आदि,आदि…
पर यह कैसी विडंबना है…
जिस दिन मेरे बारे में सबसे अधिक कहा जा रहा होगा
उसी दिन उसे सुनने के लिए
मैं ही नहीं होऊँगी!
मेरे हिस्से की सारी बातें
मेरे ऊपर चढ़े गुलाब और गेंदें
के हिस्से आयेगा…!
और मैं…!
शायद पहली बार शब्दों से भी परे पूर्णतः मौन हो चुकी होऊँगी!
इतना तो तय है…
मेरे लिए भी होगी एक शोक सभा..
जहाँ सब उपस्थित होंगे,
सिवाय उसके…
जिसके लिए वह रखी गई होगी।
-प्रतिभा ‘अंश’
