अन्तरा शब्दशक्ति सृजक-सृजन समीक्षा

रविवारिय केंद्रीय रचनाकार विशेषांक

आज अन्तरा शब्दशक्ति के पटल पर रीति झा, जमशेदपुर (झारखण्ड) का परिचय एवं उनकी पाँच रचनाएँ पाठकों की समीक्षा एवं विचारार्थ प्रस्तुत हैं।
सरल, सहज और भावप्रधान गद्य में लिखी गई इन रचनाओं में यादें, जीवन-दर्शन तथा सकारात्मक विचारों का सुंदर समन्वय झलकता है।
आप सभी सुधी पाठकों एवं साहित्यकारों से विनम्र अनुरोध है कि रचनाओं का गंभीरतापूर्वक अध्ययन कर अपनी निष्पक्ष, सारगर्भित एवं रचनात्मक समीक्षा अवश्य प्रदान करें। आपके सुझाव और मार्गदर्शन किसी भी रचनाकार के सृजन-पथ को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करते हैं।

प्रस्तुतकर्ता
डॉ. प्रीति समकित सुराना
संस्थापक एवं संपादक
अन्तरा शब्दशक्ति

रचनाकार का परिचय
नाम: रीति झा
जन्मतिथि: 13/09/1979
माता-पिता: श्री बैंकुठ ठाकुर, स्वर्गीय श्यामा देवी
पति: श्री प्रभु शेखर झा
शिक्षा: एम ए, बी.एड
लेखन-विधाएँ: कविता, लघुकथा, कहानी, बाल-साहित्य, लेख, गीत
भाषा: हिंदी, मैथिली
सम्मान: राम रत्न सम्मान, साहित्य श्री सम्मान, अहिल्या बाई होलकर सम्मान
साहित्यिक परिचय: मैंने वर्ष 2019 से लेखन कार्य प्रारंभ किया है।कई स्थानीय अखबार एवं पत्र पत्रिकाओं में मेरी रचना प्रकाशित हुईं है। मैं कई साहित्यक संस्था जैसे तुलसी भवन हिंदी साहित्य, एम एस पब्लिकेशन, दिनकर परिषद, अनुपमा सबकी सहेली आदि से जुड़ी हूं।

प्रकाशित कृतियाँ:
स्थायी पता: ब्लॉक नम्बर 35/2-2
रोड नम्बर- 19 आदित्यपुर -1, जमशेदपुर, झारखंड
ई-मेल: reetijhaa@gmail.com
मोबाइल: 9234696500
रचनाएँ

ममता का आंचल

“हाँ शालिनी, सचमुच… अतीत की धुंधली सी परछाई कमल के आँखों के सामने से गुजरने लगी।
उस दिन तो शायद मुझे बस ने कुचल ही दिया होता, अगर उस ममता की मूर्ति ने मुझे पीछे से आवाज़ न लगाई होती। एक पल के लिए मेरी आँखों के सामने अंधेरा छा गया, और जब आँख खुली तो मैं उनकी गोद में सिर रखकर सोया हुआ था। जैसे ही मुझे होश आया, मैंने देखा—लोग हम दोनों को गाड़ी में बिठाकर अस्पताल ले जा रहे थे। ज़रा सी मरहम-पट्टी के बाद मैं तो ठीक हो गया, पर शायद मेरी बदकिस्मती को उस महिला ने अपने सिर ले लिया था। उस एक्सीडेंट में उनकी बाईं टांग काटनी पड़ी।
मैं मन ही मन उस ईश्वर को एवं अपने भाग्य को कोस रहा था कि एक तो मैंने पहले ही हादसे में अपने माता-पिता को खो दिया था और अब, जिसने मेरी जान बचाई, उसे भी मेरी वजह से अपाहिज़ होना पड़ा। मैं वहीं बैठकर सुबक-सुबक कर रोने लगा। उस वक्त भूख भी जैसे गायब हो गई थी, जिसके कारण मैं सुबह से लोगों के आगे हाथ पसारते हुए सड़क पार कर रहा था, जब ये घटना घटी।
अपने पास से चिकित्सकों के जाते ही उस महिला ने मुझे आवाज़ लगाई—
“बेटा, सुनो! ज़रा मुझे पानी की बोतल तो देना, प्यास लगी है।”
मैं उनके समीप पड़ी बोतल से पानी गिलास में डालते हुए बोला, “जी, मालकिन।”
उन्होंने मेरे सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, “नहीं बेटा, मालकिन नहीं। मुझे तुम ‘माँ’ कह सकते हो। मेरे भी दो बच्चे हैं, बिल्कुल तुम्हारी ही तरह।”
अब तो मेरे आँसुओं का बाँध और भी टूट गया। आँखों से जैसे सैलाब उमड़ पड़ा था। मैं उनके पाँव को सहलाता हुआ उनसे माफी माँगने ही वाला था कि उन्होंने आगे झुककर मेरे हाथ पकड़ लिए और मेरे आँसुओं को पोंछती हुई कहने लगी—
“उदास मत हो बेटा, और अपने मन पर कोई बोझ मत लो। ये तो समय की बात है। मैं ऐसी ही थोड़ी न रहूँगी। देखना, मैं एक दिन बिल्कुल ठीक हो जाऊँगी।”मुस्कुराती हुई बोली
“अरे हाँ, तुम्हें तो भूख लगी होगी, है ना? आओ, पहले कुछ खा लो।”
मैंने अनचाहे मन से मना किया, किंतु उनकी ममता के आगे और कुछ न कह पाया। चुपचाप उनके पास ज़मीन पर बैठने लगा। सहसा ही फिर उन्होंने आवाज़ लगाई—
“अरे बेटा, वहाँ नहीं, यहाँ मेरे पास बैठो।”
ऐसा कहते हुए उन्होंने मेरी ओर कुछ फल बढ़ाए और कहा, “खा लो बेटा।”
मैने फलों को खाते हुए जब उनकी ओर देखा उनके चेहरे पर उदासी साफ नज़र आ रही थी। मैं पूछ बैठा—
“क्या बात है माँ? आप उदास क्यों हो?”
फिर वह बोलीं, “नहीं बेटा, ऐसी कोई बात नहीं।”
अपनी उदासी छिपाते हुए मुझसे मेरा नाम पूछने लगीं—
“बताओ, तुम्हारा नाम क्या है?”
मैंने कहा, “कमल।”

 "वाह! यह तो बहुत ही प्यारा नाम है। और तुम कहाँ रहते हो बेटा?"
  मैंने कहा, "पता नहीं माँ। मैंने बचपन में ही अपने माँ-पिताजी को खो दिया था और तभी से मैं अपने चाचा के पास रहने लगा। किंतु मेरी चाची मुझे बहुत प्रताड़ित करती थी—दिन भर काम करते रहो और खाने को भी रूखी-सूखी देती थी। एक दिन मुझ पर चोरी का इल्जाम लगाते हुए मुझे घर से बाहर निकाल दिया। मैं बहुत रोया, गिड़गिड़ाया, किंतु उन्होंने मेरी एक न सुनी। तभी से मैं यूँ ही सड़क पर छोटे-मोटे लोगों के काम करके अपना पेट पाल लेता हूँ। आपका बहुत-बहुत शुक्रिया, जो आपने मेरी जान बचाई। नहीं तो पता नहीं आज शायद मैं आपके सामने नहीं होता।"
  तभी झट से उन्होंने मेरे मुँह पर हाथ रखते हुए कहा— "चुप हो जा।"
  जैसे उनकी बातों में एक अधिकार छलक रहा था। उन्होंने फिर अपनी बात दोहराते हुए कहा—

“आज से तू अपने आपको अकेला मत समझ। मैं तुम्हारी माँ हूँ और तू मेरे पास ही रह।”
फिर मैंने जिद करते हुए उनसे उनके बारे में पूछा। और जब उन्होंने अपने बारे में बताया तो मैं सोच में पड़ गया कि, “हे भगवान! दुनिया में इतने भी दुख होते हैं क्या?”
उनका भरा-पूरा परिवार था, पर आपसी गलतफहमी के कारण उनका अपने पति के साथ तलाक हो चुका था। उनके जो दो बच्चे थे, जिनकी चर्चा उन्होंने पहले की थी, वे दोनों उनके ही पास रहते थे, पर कभी माँ से मिलने नहीं आते थे। आज उनके पास सब कुछ था—धन-दौलत, किंतु कहने को कोई अपना नहीं था, जिससे वे अपने मन की पीड़ा बाँट सकें या जिन्हें वे अपना कह सकें।
उनके बारे में बताते-बताते उनकी आँखें नम हो गईं। मैंने उनकी आँखों से आँसू पोंछते हुए कहा— “नहीं माँ, मैं हूँ ना आपका बेटा, और मैं सदा आपके पास ही रहूँगा। मैं आपको छोड़कर कहीं नहीं जाऊँगा।”
तभी मैंने निश्चय किया कि आज से मैं इनका सहारा बनूँगा।
उन्होंने मुझे दुनिया की हर वह खुशी दी, जो एक माँ अपनी औलाद को देती है। उन्होंने मुझे पढ़ाया-लिखाया, इस काबिल बनाया कि मैं अपने पैरों पर खड़ा हो सकूँ। जब मैं नौकरी के लिए बाहर गया तो लगातार मेरा अच्छे स्थानों पर चयन होता चला गया। मैं एक नई जिम्मेदारी लेकर एक अच्छी-सी नौकरी में पदस्थापित होकर जब पुनः माँ के पास आया, तो पता चला कि माँ अब इस दुनिया में नहीं रहीं।
कुछ चार-पाँच साल ही बीते थे मेरे उनके पास से बाहर गए हुए। मेरे मन में एक प्रश्न सा रह गया कि ऐसा क्या हुआ होगा? माँ क्या सोच रही होगी कि मेरे आने का उन्होंने इंतजार भी नहीं किया और मुझे छोड़कर हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह गईं।
मैं बहुत उदास हो गया और अपने मन को धिक्कारने लगा कि मैंने माँ से जो वादा किया था, वह पूरा नहीं कर सका कि ‘मैं आपको छोड़कर कहीं नहीं जाऊँगा।’
इस प्रकार, मैंने उनकी याद में उनकी ही मूर्ति को देवताओं की तरह पूजते हुए जीवन-यापन करने लगा।
कई वर्ष बीत गए। फिर दोस्तों ने मुझे समझाया कि— “यार, शादी कर ले। कितने दिन यूँ ही अकेला जीवन गुजारते रहोगे?”
…और फिर मुझे तुम मिली।
आज सब कुछ है मेरे पास—मेरा परिवार, घर, धन-दौलत—लेकिन आज भी जब मुझे वह ममता का आँचल याद आता है, तो मैं ईश्वर का धन्यवाद करता हूँ और उनकी आत्मा की शांति के लिए सदैव प्रार्थना करता हूँ। हर जन्म में मुझे आपकी तरह ही माँ मिले, जिनके चरणों में बैठकर मैं सुकून से अपने जीवन को बिता सकूँ।”


दहलीज

राधा के बोर्ड का रिजल्ट आ गया था और उसे बाहर जाकर पढ़ाई करनी थी। उसने घर आकर अपनी मां से कहा, “मैं आगे बाहर जाकर पढ़ना चाहती हूं।”
घर के सभी सदस्यों ने हामी भर दी, किंतु दादी नाराज थीं।
यह बात पूरे घर के अलावा मुहल्ले में भी फैल गई। लोग आकर मिश्रा जी को समझाने लगे। कोई कहता, “क्या करोगे बेटियों को इतना पढ़ा कर? उसका ब्याह नहीं करना है क्या? उसके लिए वर ढूंढने में कितनी मुश्किल होगी, जानते भी हो?”
तो वहीं दूसरा व्यक्ति कहता, “बेटियों को बाहर भेजना है तो सोच लो, कहीं ऐसा न हो कि वो वापस आए ही न। कुल की मान-मर्यादा का कुछ तो ख्याल करो।”
वहीं, कुछ लोग मिश्रा जी के फैसले का सम्मान करते हुए यह भी कहते, “आजकल किसी भी क्षेत्र में बेटियां बेटों से कम थोड़ी न हैं।”
मगर अनेकों नकारात्मक विचारों के बीच ये सकारात्मक बातें कहीं दब सी गई थीं और मामला पंचायत तक पहुंच गया।
अगली सुबह पंचायत बुलाई गई। सभी ने अपने-अपने मत प्रस्तुत किए और फैसला हुआ कि, “क्यों न राधा की शादी कर दी जाए? वह अपने पति के साथ जहां चाहे जा सकती है।”
सबने पंचायत के फैसले का सम्मान किया।
राधा बेचारी सिसकियां लेती हुई अनचाहे मन से ब्याह के बंधन में बंध गई। उसके बाद उसने कई बार अपने आगे की पढ़ाई करने की बात अपने पति एवं ससुराल वालों से कही, मगर किसी ने एक न सुनी और सब यही कहकर टाल देते, “घर-गृहस्थी संभालो।”
इसी दौरान राधा ने एक सुंदर शिशु को जन्म भी दिया। किंतु उसका मन न तो घर-गृहस्थी में लगता, न ही शिशु को संभालने में।
एक दिन उसने यह फैसला लिया कि चाहे जैसे भी हो, मैं आगे की पढ़ाई करके ही दम लूंगी।
उसने पड़ोस में रहने वाली नीलिमा भाभी का सहारा लिया जो पेशे से वकील थीं, और न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
अंततः कोर्ट के आदेश के सामने किसी की नहीं चली और कोर्ट ने आदेश दिया कि राधा को आगे पढ़ने के लिए कॉलेज में दाखिला करवाया जाए और उसके बच्चे को घर पर उसकी सासू मां संभालेंगी।
आज राधा के कॉलेज का पहला दिन था।
सुबह उठकर घर का सारा काम-काज निबटाकर राधा कॉलेज के लिए घर से निकलने से पहले भगवान का आशीर्वाद लेकर सभी बड़ों के पैर छुए और निकल पड़ी — अपनी सपनों की दुनिया तलाशने।
आज वह बहुत खुश थी, क्योंकि आज उसने पहली बार स्वयं के सपनों के लिए दहलीज पार किया था।


छूटते रिश्ते

गाँव के पुराने मिट्टी के घर के आँगन में दादी अपनी पुरानी संदूक खोलकर बैठी थीं। तभी उनकी पोती रचना भागती हुई आई और उत्साह से बोली,
दादी! इस बार मेरे जन्मदिन पर तीन मंज़िला बड़ा-सा केक आएगा। सब दोस्त आएँगे, मोमबत्तियाँ बुझाऊँगी और खूब फोटो भी खिंचवाऊँगी।
दादी मुस्कुराईं। उन्होंने रचना के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा,
अच्छा है बिटिया, खुशियाँ मनानी चाहिए। लेकिन हमारे समय में जन्मदिन कुछ अलग तरह से मनाया जाता था।
रचना आश्चर्य से बोली, कैसे दादी? तब केक नहीं काटते थे क्या?
दादी की आँखों में पुरानी यादें उतर आईं।
नहीं बेटी, तब गाँव में केक कहाँ मिलता था। जन्मदिन के दिन माँ सुबह-सुबह स्नान कराकर नए कपड़े पहनाती थीं। घर के मंदिर में दीपक जलता था। फिर गुड़ और आटे का मीठा हलवा बनता था। परिवार के बड़े आशीर्वाद देते थे और हम सब मिलकर वही मिठास बाँटते थे।
रचना ध्यान से सुन रही थी।
दादी आगे बोलीं,
“आज केक कटता है, मोमबत्तियाँ बुझती हैं, तस्वीरें खिंचती हैं। पहले दीपक जलाए जाते थे और रिश्तों की गर्माहट महसूस होती थी। फर्क बस तरीके का है, खुशी तो दोनों समय में समान थी।”
इधर दादा जी भी कुछ चुप चाप से बैठे थे मानो बेमन से वे अपनी खुशी का इजहार कर रहे हो।
पूछने पर रूआंसा स्वर में बोले जब हम विवेक (रचना के पिता) का जन्मदिन मनाते थे पूरे परिवार के साथ साथ रिश्तेदारों एवं आस पड़ोस में भी खुशी का महौल होता था। सारे रिश्तेदार मिलकर हंसी ठिठोली करते हुए बेसब्री से शाम होने का इंतजार करते थे कि कब केक कटेगा? और केक काटने के बाद उसके न जाने कितने टुकड़े होते सबके प्लेट में मिक्सचर बिस्किट के साथ वो केक का छोटा सा टुकड़ा सचमुच बहुत स्वादिष्ट लगता था। फिर खाना खाने के लिए एक साथ पंक्तियों में बैठना एक दूसरे को खाना पड़ोसना मानो एक अलग ही आनंद देता था।सभी बड़ों का आशीर्वाद मित्रगण की शुभकामनाएं जन्मदिन को कुछ खास ही बना देता था।
अब का समय कुछ और ही है भले ही केक काटने की परम्परा बदली नहीं किंतु अब न रिश्ते नाते हैं न ही पड़ोसी, बस एकाकी जीवन आपस में ही केवल जन्मदिन का उत्सव मन कर रह जाता है । सोशल मीडिया पर तस्वीरें डालना, शुभकामनाएं प्राप्त करना बस इसी को लोग जीवन का आनंद समझ लेते हैं।
उनकी इन बातों से उनके अकेलेपन का एहसास साफ झलक रहा था।
सचमुच लोगों को महत्वाकांक्षी प्रवृत्ति, व्यक्तिगत स्वार्थ और सोशल मीडिया की चकाचौंध का प्रभाव इस कदर प्रभावित किया है कि जहां पहले पड़ोसी भी रिश्तेदार हुआ करते थे वहीं आज रिश्तेदार भी पड़ोसी बनकर रह गये हैं।

पिता का दर्द

निकल ही गए आंसू आज, जब बेटे ने मांगा अपना हिस्सा।
एक बार पूछ लिया होता तो शायद, कह देते अपने उदास दिल का किस्सा।।
कि कैसे बताऊं मैं जब तू अपनी नौकरी पर गया था ।
मेरे शरीर थे बस यहां मन तेरे साथ ही गया था।।
खुश था बहुत तुझे देखकर, मां लेती थी बलाएं।

लुटाती थी निज खुशियां भर-भर के देती थी दुआएं।
व्याह कर जब लाया था, अपनी पसंद की दुल्हन।
चाहा तो था खुश हो लूं पर, मेरे दिल में थी एक चुभन।।
एक ख्वाइश थी दिल में मेरे, मुझे भी कहता कोई दादा।
वरदान पाया ईश्वर से जिसे ,वो दूर ही मुझसे रहा ज्यादा ।।
हर पल तड़प -तड़प कर बीती ज़िन्दगी इसी आस में।
कोई तो होगा वो दिन जब आएगा वो मेरे पास में।।
ख्वाइश इतनी ही थी मेरी, की मिलकर एक छत के नीचे।
रहते बहु बच्चों के संग निज स्नेह जल से अपने आशियां को सींचे।।
पर हाय, भगवान ने मुझे दिन ये क्या दिखाया।
मौत के शैया पर से जब आवाज़ तुझे लगाया।।
तुने एक बार भी ना सोचा पिता को मेरी ज़रूरत है
भेज दिए पैसे कहा मुझे अभी आने की नहीं फुर्सत है।
रुक जाएगी जब ये सांसे, कोई तुम्हें बेटा नहीं पुकारेगा
उस दिन तुझे शायद मेरा साथ याद आएगा।
पर अफसोस की तब मैं नहीं ये दुनिया किस्सा तुम्हे सुनाएगा ।
शायद उस दिन मांगा हुआ हिस्सा, तुम्हें मिल जाएगा।


संस्मरण
शिक्षिका बनने का सफर : मेरी जीवन गाथा

“रजनी! क्या तुम मेरे विद्यालय में पढ़ाओगी?” सहेलियों के साथ खेलते समय अचानक मेरे कानों में ये शब्द पड़े। पीछे मुड़कर देखा तो एक महिला मेरे सामने खड़ी थीं। उनके चेहरे पर आत्मीयता, सादगी और सौम्यता से भरी मुस्कान थी। मैंने झट से आभार व्यक्त करते हुए हाँ कह दिया। उन्होंने अगले दिन विद्यालय आने का समय बताया और चली गईं। उस समय मैं स्वयं नौवीं कक्षा की छात्रा थी। बचपन से ही शिक्षिका बनने की प्रबल इच्छा थी, इसलिए यह अवसर मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।
घर पहुँचकर जब मैंने यह बात माँ को बताई तो माँ और मेरी तीनों बहनें हँस पड़ीं। मैं नाराज़ होकर एक कोने में जा बैठी। थोड़ी देर बाद माँ मेरे पास आईं और बोलीं, “बेटा, शिक्षक का कार्य बहुत जिम्मेदारी का होता है, क्योंकि बच्चों का भविष्य संवारना ही शिक्षक का परम कर्तव्य है। तुमने हाँ कह दी है तो मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है।” माँ की बातों ने मुझे आत्मविश्वास से भर दिया।
अगले दिन माता-पिता का आशीर्वाद लेकर मैं विद्यालय पहुँची और यहीं से मेरे शिक्षक बनने की यात्रा प्रारम्भ हुई। वह एक प्ले स्कूल था, जिसकी अवधि मात्र दो घंटे की थी। बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाते हुए दो वर्ष कब बीत गए, पता ही नहीं चला। इसी दौरान मैं कुछ बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाने लगी और अपनी पढ़ाई भी जारी रखी। चार बहनों में सबसे छोटी होने के कारण मुझे परिवार का भरपूर प्यार और सहयोग मिला।
लेकिन बोर्ड परीक्षा के परिणाम के बाद मेरे जीवन में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मेरी माँ का देहांत हो गया। उस घटना ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया। मेरी दो बड़ी बहनों का विवाह हुआ और मैं अपनी पढ़ाई में लगी रही। परन्तु नियति को कुछ और ही मंजूर था। बी.ए. द्वितीय वर्ष का परिणाम किसी कारणवश लंबित रह गया और पिताजी ने मेरा विवाह करवा दिया। उस समय मुझे लगा कि मेरा शिक्षिका बनने का सपना अधूरा रह जाएगा।
विवाह के लगभग पाँच वर्ष बाद मैंने अपने पति से आगे पढ़ने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने बिना किसी संकोच के मेरी बात स्वीकार कर ली। ससुराल पक्ष की सहमति और सहयोग से मैंने अपनी पढ़ाई पुनः आरम्भ की। पाँच वर्षों के अंतराल के बाद पढ़ाई शुरू करना आसान नहीं था। एक ओर घर-परिवार की जिम्मेदारियाँ और दूसरी ओर मेरा छोटा बेटा, जिसकी देखभाल मेरी सासू माँ बड़े प्रेम से करती थीं।
धीरे-धीरे मैंने बी.ए. के बाद एम.ए. की पढ़ाई पूरी की। इसी दौरान मुझे हिंदी विभाग की आदरणीय प्रोफेसर सूर्या मैम का स्नेह और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वे अनुशासनप्रिय थीं और समय की बहुत पाबंद थीं। घर के काम निपटाकर कॉलेज पहुँचने में मुझे कई बार देर हो जाती थी। जब मैंने अपनी परिस्थितियाँ उन्हें बताईं तो उन्होंने स्नेहपूर्वक कहा, “यदि देर हो जाए तो पीछे के दरवाजे से आकर चुपचाप बैठ जाना।” उनकी कक्षा मैं कभी छोड़ना नहीं चाहती थी।
सुबह पूरे परिवार के लिए भोजन बनाना, बेटे को तैयार करना, पति को टिफिन देकर कार्यालय भेजना और फिर स्वयं कॉलेज जाना इन सबके बीच कई बार देर होना स्वाभाविक था। फिर भी सूर्या मैम ने हमेशा मुझे प्रोत्साहित किया। वे मेरी लेखनी की प्रशंसा करते हुए कहती थीं कि मैं हर विषय को मन लगाकर लिखती हूँ। उनका यह प्रोत्साहन मेरे लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।
एम.ए. पूर्ण करने के बाद मुझे अपने ही शहर के एक प्रतिष्ठित विद्यालय में अस्थायी शिक्षिका के रूप में नियुक्ति मिली। इंटरव्यू में पूछे गए अनेक प्रश्नों के उत्तर मैं सूर्या मैम की कक्षाओं में सीखी बातों के आधार पर दे सकी और सफल हुई। लेकिन कुछ समय बाद पता चला कि बिना बी.एड. के विद्यालय में स्थायी नियुक्ति संभव नहीं है। मैं निराश हो गई, परंतु विद्यालय की अन्य शिक्षिकाओं ने मुझे दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से बी.एड. करने की सलाह दी। मैंने परिश्रमपूर्वक बी.एड. पूरा किया और परिणाम आने के बाद उसी विद्यालय में स्थायी शिक्षिका के रूप में नियुक्त हो गई।
वर्ष 2010 से लेकर आज तक मैं उसी विद्यालय में अपनी सेवाएँ दे रही हूँ। इस दौरान मुझे अनेक क्षेत्रों में कार्य करने और सफलता प्राप्त करने का अवसर मिला, किन्तु शिक्षिका के रूप में नियुक्ति की जो खुशी थी, वह आज भी मेरे चेहरे पर मुस्कान बिखेर देती है।
जीवन में मैंने अनेक उतार-चढ़ाव देखे। कई बार असफलताओं ने निराश किया, तो सफलताओं ने संभाल लिया। आज मैं जो कुछ भी हूँ, उसमें मेरी माँ के आशीर्वाद, मेरे पति के प्रेम, समर्पण और निरंतर प्रोत्साहन का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने हर उस क्षण मेरा साथ दिया, जब मैं हतोत्साहित हुई।
मैं ईश्वर का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ कि उन्होंने मुझे ऐसा जीवनसाथी दिया। साथ ही स्वयं को गौरवान्वित महसूस करती हूँ कि मैं अपनी माँ के उस सपने को पूरा कर सकी, जिसे वे हमेशा अपने हृदय में संजोए हुए थीं।
माँ, आप जहाँ कहीं भी हों, अपना आशीर्वाद सदैव बनाए रखिए।

-रीति झा

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x