यदि कभी मेरी अंतिम नींद के पास तुम आओ,
तो रोना मत…
मैं उन आँसुओं की पात्र नहीं रहूँगी
जिन्हें जीते-जी तरसती रही।
मेरे माथे पर हाथ रखकर
बस इतना कहना…..
अब तुम्हें किसी की प्रतीक्षा नहीं करनी होगी।
अब कोई अधूरी बातचीत
रात भर नहीं जगाएगी,
कोई अपना
अपनापन ओढ़कर छल नहीं करेगा।
अब कोई मुस्कान
दर्द छिपाने का अभिनय नहीं होगी,
कोई हृदय
टूटने के बाद भी धड़कने की विवशता नहीं सहेगा।
मेरी चिता की अग्नि में
केवल एक शरीर नहीं जलेगा,
उसके साथ जल जाएँगी
सभी अनकही शिकायतें,
सभी अस्वीकार्यता,
सभी प्रतीक्षाएँ।
और राख बनकर
मैं हवा से कहूँगी…..
देखो,
जीवन ने जितना बाँधकर रखा,
मृत्यु ने उतना ही मुक्त कर दिया।
अब मुझे किसी से प्रेम नहीं चाहिए,
किसी से उत्तर नहीं चाहिए,
किसी संबंध की स्वीकृति नहीं चाहिए।
अब मैं वहाँ हूँ
जहाँ स्मृतियाँ भी बोझ नहीं बनतीं,
और शांति…
किसी मनुष्य की दया पर निर्भर नहीं रहती।
-रूपाश्री शर्मा
