जाने कितने बाण कंधे पर,
और कमर में शमशीरें।।
तीखे शब्दों के बाण चल रहे,
कलुषित मन की शमशीरें,
हर इंसान घात लगाए,
कैसे दूजे को चीरें।।
मानवता को ताक पर रख के,
समझ न पाए किसी की पीरें,
जख्मों पर है नमक छिड़क कर,
दिल दिमाग दोनों को चीरें।।
नियत हो गई इंसान की ऐसी,
अपने घर को खुद ही तोड़ें,
घर का भेदी लंका ढाए,
यही कहावत हरदम जोड़ें।।
मन मैं ईर्ष्या और डाह का,
खूब जखीरा है जोड़ें,
दिखावे की चादर ओढ़
सच्चाई से मुंह मोड़े।।
रोज बनाए ऐसे फ़ासले,
कभी न जो भरने पाए,
जिंदा की तो बात ही छोड़ो,
मुर्दा को भी न छोड़ें।।
जाने कितने बाण कंधे पर,
और कमर में शमशीरें।।
-साधना छिरोल्या
दमोह (मध्यप्रदेश)
