मुस्कान प्रेम की भाषा है। मुस्कुराता चेहरा हर किसी को अच्छा लगता है। कई बार संबंधों में, चाहे रिश्तेदार हों या पड़ोसी, किसी वजह से गलतफहमियाँ पैदा हो जाती हैं और हम बोलचाल बंद कर देते हैं। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। आते-जाते रास्ते में या किसी समारोह में यदि भेंट हो जाए और आप उन्हें अपनी एक मुस्कान के साथ केवल नमस्ते कहकर भी आगे बढ़ जाएँ, तो धीरे-धीरे रिश्ते सामान्य हो जाते हैं। इसको मैंने भली-भाँति महसूस किया है। लेकिन होता क्या है कि हमारा अहम आड़े आ जाता है। जिन लोगों में अहम नहीं होता, वे दूसरों को दुखी देखकर दुखी होते हैं और खुश देखकर खुश होते हैं। मुस्कान से बहुत से मुश्किल काम आसान हो जाते हैं।
माना कि कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो खुश रहने वाले लोगों से जलते हैं। जगह-जगह उनकी निंदा भी करते हैं। लेकिन ऐसे लोगों की परवाह नहीं करनी चाहिए। ऐसे लोगों से एक निश्चित दूरी बनाकर रखनी चाहिए। आपके दोस्त भले ही कम हों, लेकिन ऐसे हों जो वक्त पर आपके काम आएँ।
कोई दोस्त हो या दुश्मन, खुशियाँ बाँटते रहो।
दूसरों के गमों को छाँटते रहो, तो खुशियाँ आपका स्वागत करने के लिए आपके कदमों में बिछी रहेंगी।
मनोविकारों पर विजय पानी होगी
कुछ लोग छोटी-सी विपत्ति आने पर ही घबरा जाते हैं। ईश्वर को दोष देने लगते हैं कि सारा दुख हमारे हिस्से में ही क्यों लिखा गया। यह केवल दृष्टिकोण का ही फर्क है। वे यह नहीं सोच पाते कि विपत्तियाँ हमें कुछ सिखाने के लिए आती हैं। अपना दृष्टिकोण सकारात्मक रखोगे, तो कोई दुख तुम्हें दुखी नहीं कर सकता। और यदि दुख तुम्हें दुखी कर रहा है, तो इसका मतलब तुम अपनी आदतों के गुलाम हो और तुम्हारी मानसिकता नकारात्मक है। बुरी आदतों को अपने ऊपर राज मत करने दीजिए, उनका मालिक बनकर रहिए।
स्वामी विवेकानंद जी के संदर्भ में कहा जाता है कि स्वामी परमहंस ने उन्हें ‘विवेकानंद’ नाम दिया। खेतड़ी के राजा ने नरेंद्र को आर्थिक सहयोग देकर शिकागो की धर्मसभा में भाग लेने के लिए अमेरिका भेजा था। डेढ़ महीने तक उन्हें व्याख्यान देने का अवसर नहीं मिला। उनके पास के सारे पैसे समाप्त हो गए। अमेरिका में तो ऐसा भी नहीं था कि भिक्षा माँगकर जीवन-यापन कर लिया जाए। जैसे-तैसे बिना दुखी हुए उन्होंने समय बिताया और संयोग से एक दिन उन्हें धर्मसभा में व्याख्यान देने का अवसर मिला। उन्होंने अपने व्याख्यान से अमेरिकावासियों का दिल जीत लिया और भारत का नाम विश्वभर में रोशन कर दिया। यह सब सकारात्मक सोच का ही परिणाम था।
-राधा गोयल
विकासपुरी (दिल्ली)
