अभी कहाँ विश्रान्ति कल्पना,
जीवन समर अभी बाकी है ।
प्रतिद्वंद्वी है कभी जगत तो,
कभी स्वयं से युद्ध हमारा।
जैसे साथ दिया अर्जुन का,
केशव ! देना हमें सहारा।
सत्य हमारा रूठ गया पर,
झूठ भला कब तक ठहरेगा।
कठिन कालक्रम जब व्यतीत हो
गीत सत्य का ही गूँजेगा ।
किंतु जीत के पूर्व द्वंद्व का,
अंतिम प्रहर अभी बाक़ी है ।
जीवन समर अभी बाकी है..।।
समर भूमि ने समझाया है,
रण का यह क्रम सतत चलेगा।
साँसे जब तक है प्राणों में,
यह मानो अनवरत चलेगा।
जिन कांटों के पथ पर चलकर,
राम कभी वनवास गये थे।
धर्मयुद्ध लड़ने के कारण,
धर्मवीर सायास गये थे।
शेष कहीं अपने चलने को
कंटक डगर अभी बाकी है।
जीवन समर अभी बाकी है।।
संधि न जग से कर पाए हम,
अपने ही सिद्धांत अड़ गए।
समय वरूथी साथ रहा तो,
शूल नियति के पाँव गड़ गए।
हमें ज्ञात है गाँव सुखों का,
इतनी जल्दी नहीं मिलेगा।
रही कामना जिसकी हमको,
ठाँव अभी वह नहीं मिलेगा।
चिर विराम के महासिंधु की
अंतिम लहर अभी बाकी है।
-प्रेरणा पुरोहित मंत्री
