स्वयं के बल की आत्मिक अनुभूति

2005 का वैष्णो देवी का यात्रा संस्मरण

       पोता जब केवल 8 माह का था तो उसका बहुत मेजर ऑपरेशन हुआ था। किडनी का पाइप मुड़ा हुआ था। जन्म से पहले ही पता लग गया था। अल्ट्रासाउंड में आ गया था। बहुत से पंडितों के पास भागी। किसी ने बताया कि महामृत्युंजय जाप करा लो तो ऑपरेशन सफल हो जाएगा। एक लाख जाप करने थे। उसके बाद घर में हवन होना था। वैसे पंडित लोग खुद ही जाप कर देते हैं। उन्हें नकद राशि दे दो, लेकिन मुझे इसमें विश्वास नहीं था इसलिए मैं रोजाना सुबह- सुबह घर का काम खत्म करके वहाँ पहुँच जाती थी। पंडितों के साथ-साथ मैं भी बैठ कर महामृत्युंजय का जाप करती थी। घर में भी काम करते-करते निरंतर मेरा जाप चलता रहता था। यह बात अलग है जब पंडित जी के पास बैठती थी तो शांति से बैठ कर करती थी।जाप पूरे होने के बाद घर में हवन कराया। हम दोनों ने पोते के ऑपरेशन के सफल होने के बाद वैष्णो माता के दरबार में मत्था टेकने का निश्चय किया था ताकि माँ के प्रति अपना आभार प्रकट कर सकें। पोते का ऑपरेशन अगस्त 2005 में हुआ था। दिसंबर 2005 में हमने वैष्णो देवी जाने का प्रोग्राम बनाया। बेटे की शादी होते ही घर में पूरे दिन के लिए एक सहायिका लगाई हुई थी। पोते के पैदा होने के 2 माह बाद फुल टाइम मेड लगा ली थी।
दिसंबर 2005 में हम पति-पत्नी वैष्णो देवी के लिए गए। आने जाने की रिजर्वेशन पहले ही करा दी थी। 12/12/2005 की वापसी थी।
      घुटनों के दर्द के कारण मुझसे पैदल चढ़ाई नहीं की जाती, इसलिए जहाँ से खच्चर मिलते हैं, वहाँ तक गए। पति महोदय तो भागे जा रहे हैं आगे आगे तेज तेज कदमों से। यह भी होश नहीं कि मैं इनसे कितना पीछे हूँ। थोड़ी दूर हूँ या बहुत दूर हूँ। यह हाल तो तब था जबकि 1995 में हुए हादसे में कनपटी में तीन फ्रैक्चर हो गए थे। एक  गाल की हड्डी टूट कर झड़ गई थी। जबाड़ा अपनी जगह से डिसालोकेट हो गया था। दो बार विजन खत्म हो चुकी थी। बार-बार फिट पड़ जाते थे। चाहे रास्ते में भटक जाऊँ या दौरा ही ना पड़ जाए, कोई चिंता नहीं । जनाब आगे बढ़े जा रहे हैं खिड़की की ओर। जिसका अंजाम यह हुआ कि एक जगह हल्की सी ऊँची जगह थी, जो दिखाई नहीं दी।ज्यादा ऊँची या छह सात इंच ऊँची होती तो भी दिख जाती। मेरा पैर टकराया। चीख निकली , लेकिन उसको भी गले में ही दबा लिया। पता था कि बहुत डाँट पड़ेगी- "अंधी हो क्या? देख कर नहीं चला जाता?" ये नहीं सोचेंगे कि खुद साथ- साथ क्यों नहीं चले? आगे आगे क्यों भागे जा रहे थे? क्या ट्रेन छूटी जा रही थी?  
       वहाँ से खच्चर लिया और माता के दरबार तक पहुँच गए। पैर फूल कर कुप्पा हो चुका था लेकिन मैंने इन्हें कुछ नहीं बताया। मुझे मालूम था कि यदि मैं कुछ भी कहती तो यही कहते कि तुम्हें माता पर जरा भी श्रद्धा नहीं है, इसलिए ऐसा हुआ है। क्योंकि एक बार हम 1981 में भी वैष्णो देवी गए थे।ये उन दिनों जम्मू में छह महीने की ट्रेनिंग के लिए गये थे।छुट्टियों में हमें भी लिवा ले गये थे।

इन लोगों ने अपने दोस्तों के साथ हमें साथ में लेकर छुट्टी वाले दिन वैष्णो देवी जाने का प्रोग्राम बनाया हुआ था।तब मुझे 104 बुखार था। इन्होंने कहा था- ” तुम्हें माँ के प्रति श्रद्धा नहीं है इसलिए बुखार हुआ है।” मैंने भी जोश में आकर कहा था- “अब तुम्हें बुखार में ही श्रद्धा न होते हुए भी जाकर दिखाऊँगी। मुझे बहुत श्रद्धा है, लेकिन अंधविश्वास नहीं है। मैं घोर नास्तिक भी हूँ लेकिन घोर आस्तिक भी हूँ। 104 बुखार में वैष्णो माता के दर्शन के बाद ऊपर भैरो मंदिर भी गए। वहाँ बर्फ देखकर सारा बुखार छूमंतर हो गया, हालांकि बाद में दोबारा हो गया था।
2005 पर वापस आती हूँ। सूजे हुए पैर से ही हमने वहाँ स्नान भी किया। पुरुषों और महिलाओं का अलग-अलग प्रसाधन कक्ष होता है। उसके बाद लाइन में लगे। दर्शन किया। बहुत अच्छी तरह से दर्शन किया। आरती की और हमें पुरानी गुफा को भी देखने का सौभाग्य मिला। ऐसी जगह जाकर मुझे अपनी बीमारी बिल्कुल ही भूल जाती है… जैसा कि पति सभी से कहते भी हैं कि ये कितनी भी बीमार हों, इनको पहाड़ों में ले जाओ, समंदर किनारे ले जाओ, किसी ऐतिहासिक किले में ले जाओ, पता नहीं कौन इनके शरीर में प्रवेश कर जाता है कि अपनी सारी बीमारी भूल जाती हैं। शायद वही हुआ। पुरानी गुफा के भी खूब अच्छे से दर्शन किए।
पवित्र गुफा के भीतर शिला में बनी प्राकृतिक पिण्डियों के रूप में माता जी के दर्शन होते हैं। भीतर कोई बुत, मूर्ति या चित्र नहीं है। सारे रास्ते में और भवन पर अनेक चित्र लगे हुए हैं जो गुफा के भीतर होने वाले दर्शन के रूप को समझाने के लिए लगाए गए हैं।
सब कुछ अच्छे से देखा। अपने पैर के बारे में कुछ नहीं बताया।रिश्तेदारों को देने के लिए प्रसाद भी खरीदा। वापसी में मैंने इन्हें अपना पैर दिखाया क्योंकि अचानक से मुझे सामने ही डिस्पेंसरी नजर आ गई थी। हालाँकि हम अपनी दर्द, बुखार, दस्त, उल्टी की दवाइयाँ हमेशा साथ लेकर चलते हैं। चोट लगने की दवाई और पट्टी भी लेकर चलते हैं। छोटी कैंची भी साथ होती है। डिस्पेंसरी दिखते ही मैंने अपना पैर दिखाया। पैर सूज कर तुंबा हो रहा था। चप्पल पहनी नहीं जा सकती थी।चोट कब लगी, कैसे लगी पूछा गया। बताना पड़ा कि चोट शुरूआत में खच्चर बुक करने से पहले ही लगी। इन्हें हैरानी तो हुई कि मैं इतनी चोट में पूरे रास्ते गई हूँ।लाइन में लगी हूँ।वैष्णो देवी के दर्शन भी किए और एक कराह नहीं ली। कराह तो लेती😀 लेकिन कराहने का मतलब था डाँट पड़ना और यह सुनना कि तुममें श्रद्धा नहीं है। मैंने दिखा दिया… श्रद्धा थी, तभी इतना पैर सूजने के बाद भी इतनी दूर का सफर बिना हो हल्ला मचाए कर लिया। डिस्पैंसरी में दिखाकर दवाई ली।उन्होंने पैर पर क्रेप बैंडेज बाँध दी।
हम वैष्णो देवी जाते हैं तो थोड़ा जम्मू वगैरा भी घूम लेते हैं लेकिन सूजे पैर में जम्मू जाना संभव नहीं था। जम्मू तवी व रघुनाथ मंदिर को देखने की इच्छा को अपने दिल में ही दबा लिया। ट्रेन 6 घंटे बाद की थी। 6 घंटे स्टेशन पर पड़े- पड़े ही बिताए। दिल्ली आकर अगले दिन हॉस्पिटल में एक्सरे हुआ तब पता लगा कि टखने की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया है। 3 महीने का प्लास्टर बाँध दिया। दिल्ली आकर पता लगा कि देवर के यहाँ दूसरी पोती पैदा हुई है। 8 माह 4 दिन बाद ही पैदा हो गई थी। उसी दिन प्लास्टर बँधा होने के बावजूद अपने देवर के यहाँ भी गए।पोती को शगुन भी देना था और वैष्णो देवी का प्रसाद भी देना था। अब सोचती हूँ कि इतनी भी हिम्मत नहीं दिखानी चाहिए।हिम्मत दिखाने का ही नतीजा है कि कोई हमारी बिमारी को बिमारी ही नहीं समझता।😢

-राधा गोयल,
विकासपुरी (दिल्ली)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x