गाँव में भयंकर तूफान आया। बिजली गई, घरों की छतें उड़ गईं।
राधा के घर का एकमात्र दिया भी हवा से बुझ गया। अंधेरा और डर दोनों बढ़ गए।
उसकी 5 साल की बेटी काँपते हुए बोली – “माँ, अब हम क्या करेंगे? सब खत्म हो गया।”
राधा ने टूटे हुए मिट्टी के दिये को उठाया। उसमें बचा हुआ थोड़ा तेल और एक आधी बत्ती थी।
बेटी बोली – “ये तो टूट गया है माँ, ये कैसे जलेगा?”
राधा मुस्कुराई और बोली – “बेटा, दिया टूट सकता है, पर लौ का हौसला नहीं।”
उसने मिट्टी के टुकड़ों को जोड़कर दिया रखा, तेल डाला, और खुद अपनी साड़ी का एक धागा निकालकर बत्ती बनाई।
एक माचिस की तीली से उसने उसे जलाया।
धीमी, काँपती हुई लौ जली। बस उतनी ही जितनी एक कमरे को उजाला दे सके।
उस रात पूरे मोहल्ले के लोग उसी एक दिये की रौशनी में इकट्ठा हुए।घावों पर पट्टी बंधी, और बच्चों को हिम्मत मिली।
अगली सुबह जब सबने पूछा – “इतने अंधेरे में हिम्मत कैसे की?”
राधा ने कहा – “जब बाहर का उजाला चला जाए, तब अंदर का आत्मबल ही दिया बन जाता है। टूट जाओ तो क्या, फिर से जलना सीख लो
-मंजू सरावगी ‘मंजरी’
रायपुर (छत्तीसगढ़)
