नैनों से जब नीर झरे,
शब्द सभी चुप हो जाते हैं।
दिल की दीवारें कांप उठें,
सपने तब नम हो जाते हैं।
कभी रोटी की चिंता में,
आँसू अंगारों सा दहकें।
कभी परदेसी की याद में,
नैना बादल सा बरसें।
कभी माँ की हंसी की खातिर,
मन पात-सा थर्राए।
कभी अपनों की बेरुखी पर,
विश्वास रेत-सा ढह ही जाए।
आँसू दिखते पानी जैसे,
होते पर मोती-से अनमोल।
हर बूंद में उम्र छुपी है,
हर बूंद में जीवन का मोल।
नैनों से जब नीर झरे,
मन उदास हो जाता है।
और चेहरे पर जब हंसी सजे,
तो सूखा आँगन भी गाता है।
इसलिए रो लो जी भर के,
मेघ-सा मन को हल्का कर लो।
फिर हौसला पत्थर-सा बाँधो,
और कल के लिए खुद को गढ़ लो।
क्योंकि आँसू धोबी सा धो देंगे ,
पर हौसले का बीज अब बो देंगे।
-आनंद पाण्डेय “केवल”
