रस्सी में लिपटी ये चिड़िया,
जैसे कैद हों कई कई अरमान,
पंख सलामत हैं फिर भी,
कलम हो स्याही हो पर पाबंदी का जैसे जारी हो फरमान,
बँधी है तन से ये डोर, जैसे विचारों पर लगा हो ताला,
खड़ी है खंभे पर चुपचाप,
जैसे समंदर में डूबा हुआ हो उजाला,,
आँखों में है तूफान भरा,
जैसे बादल में बिजली सो रही,
चोंच बंद है पर सीने में,
जैसे ज्वालामुखी अंगारे बो रही,
समझते हैं दुनिया वाले,
कि इसे पिंजरे में डाल दिया,
अरे,,ये चिड़िया नहीं आग की चिंगारी है,
एक दिन सारी रस्सियाँ जला देगी,
क्योंकि,,,
बंधन मकड़ी के जाले-से कमजोर होते हैं,
और हौसला तूफान-सा मजबूत,
आज गाँठ है, कल इतिहास होगा,
कि एक मासूम चिड़िया ने ज़ंजीरें तोड़ दीं,,,।।
-आनंद पाण्डेय “केवल”
