भले ही
उंगलियों पर
गिनने मात्र को हों
दो-चार मित्र
उनका नाम ही अधरों पर
मुस्कान ले आता है
दूरियाँ नहीं रखती कोई मायने
इस मित्रता में
मोबाइल पर शुरू हुई बातचीत
हँसी के ठहाके
बातों के थान
खुलते-खुलते
द्रौपदी के चीर बनते जाते हैं
और तब भी
रह जाती हैं कहने को
बहुत सारी बातें,
यही तो है मित्रता
और यही हैं वे
उर तल की गहनता में
बसे वे गिनती के दो-चार मित्र
आयें हैं जब से जीवन में
खुशियों के अर्थ बदल गये हैं
दुखों ने अपना मार्ग बदल लिया है।
-डॉ. भारती वर्मा बौड़ाई
