पावस का संकेत सुखद,पाकर मन मुस्काए।
जब छाईं घनघोर घटाएँ, देख धरा हर्षाए।।
बूँद झरे रिमझिम – रिमझिम, देखे राह नवेली।
लड़ियाँ पहने वर्षा रानी, करती है अटखेली।।
भीगे मन – आँगन घर – द्वारे,हरित बाग इतराए।
जब छाईं घनघोर घटाएँ, देख धरा हर्षाए।।
सुमन – लतायें हर्षित तितली, गलबहियाँ ले डाली।
प्रकृति का शृंगार अनूप है,सुख शीतल हरियाली।।
मगन मोर है भौंरे खग – मृग, खेत कृषक सुख पाए।
जब छाईं घनघोर घटाएँ,देख धरा हर्षाए।।
चौमासा सुख उत्सव सारा, पूर्ण जगत अभिलाषा।
मेघ – गगन जल सरित छलकते,मौन प्रेम की भाषा।।
आस – पपीहा जीवन भर के, मोती बूँद सजाए।।
जब छाईं घनघोर घटाएँ, देख धरा हर्षाए।।
-अमिता रवि दुबे
छत्तीसगढ़
