घन घनन घनन बरसे मेघा, मूसलाधार बरसात हुई
बादल इतना ज्यादा बरसे, सारी धरती जलमग्न हुई।
कोई नाव मिल जाए तो उसमें बैठ धमाल मचाएं
मैया हमको नाव दिला दे,मचल मचल दिल गाए।
नाव दिला दे मैया हमको, उसमें बैठ के घूमें
मौसम की मादकता को,वर्षा बूँदों को चूमें।
मैया ने कागज की सुंदर सी कई नाव बनाईं,
लंबा सा धागा बाँधा, गुड़िया उसमें बैठाई।
तीन नाव बन गईं तो उनका धागा हमें थमाया,
कागज की किश्ती तैराई, बेहद आनंद आया।
जब जब मेघा मूसलाधार बारिश बरसाएगा।
बचपन वाली कागज की किश्ती याद दिलाएगा।
-राधा गोयल
विकासपुरी (दिल्ली)

1 कमेंट
क्या बात 👍
नौका धागे से बांध के नौकायन।