पिया था देव-मानव हित तूने
हे महादेव! एक बार हलाहल,
नीलकंठ बन जग को बचाया,
सहा विष का तीखा दाह पल-पल।
पर सोचो उस अबला का भी,
जो अपनों की खातिर हर बार,
अपने हिस्से का सुख छोड़कर,
पीती रहती जीवन विष अपार।
तुझमें शक्ति थी, विष को रोककर
कर लिया कंठ में ही धारण,
पर नारी ने जो दर्द पिया है,
पीड़ा असहनीय को किया सहन
न उसके कंठ में नील पड़ा,
न कोई उसे देव कहा,
हर मनुष्य की तीखी वाणी
मन भीतर चुपचाप सहा।
कितनी बार वह टूटी होगी,
कितनी बार संभली होगी,
घर की खुशियों की खातिर उसने
अपनी खुशियाँ कुर्बान की होंगी।
मुझमें नहीं वह अमरत्व,
कि हर विष को धारण कर लूँ,
मैं भी मनुष्य हूँ, देव नहीं,
कब तक सहकर बेमौत मर लूँ?
अब मेरे मौन को मत समझो
सहनशक्ति की कोई सीमा,
मेरे भी सपने हैं, अरमान हैं,
मेरी भी अपनी है दुनिया।
त्याग करूँगी, प्रेम करूँगी,
पर खुद को नहीं मिटाऊँगी ,
अपनों के सुख की खातिर अब
हर पीड़ा को नहीं छिपाऊँगी ।
हे महादेव! तुम्हारा विषपान
युगों तक जग को राह दिखाए,
दुख ,वेदना रूपी हलाहल
अब किसी नारी के हिस्से न आए।
-रीति झा
