शाहिदा का पति जमील तीन भाई और जमीन जमा खाता मात्र दो बिस्वा। घर के नाम पर दो कमरे , दालान और छत पर टीन का छप्पर। सभी भाईयों को चार चार बच्चे। गनीमत थी कि नंबर तीन सुहैल बगल के कस्बे में किसी गलीचे दरी के कारखाने में चौकीदार था और उसकी बीबी सितारा वहीं पर काम भी करती थी। बीच वाला असगर पैर से पोलियो ग्रस्त। असगर की बीबी सलमा दिमाग से कमजोर। असगर को चार बेटियां। जमील राजमिस्त्री का काम करता और असगर घर पर ही अपने बाप के पुश्तैनी काम पंक्चर बनाता था। शाहिदा घर संभालती और थोड़ी बहुत सिलाई भी करती थी। मुन्ने टेलर कभी कभी काम ज्यादा मिलने पर तुरपाई और बखिया के लिए शाहिदा की मदद लेते थे।
जिंदगी किसी तरह कट रही थी। शाहिदा कुनबे में सबसे पढ़ी लिखी कक्षा दसवीं पास थी।भला हो सरकारी स्कूलों का और सरकार द्वारा चलाए गए मुफ्त शिक्षा अभियान का। शाहिदा केकमरे दो हीं थे और प्राणी ज्यादा। असगर की बेटी बड़ी हो रही थी। शाहिदा और सलमा के अधिकतर बच्चे पढ़ रहे थे। शाहिदा स्वयं सबको कुछ देर रोज़ पढ़ाती।
शाहिदा और जमील ने दो कमरे अपने लिए बनवाने का मन बनाया। तैयारी शुरू हो गई। कुछ पैसे उधार और कुछ शाहिदा ने जमा कर रखे थे। सड़क की तरफ की जमीन थोड़ी खाली थी। वहीं नाप-जोख कर नींव की खुदाई शुरू हुई थी तभी सुहैल अपनी बीबी के साथ आ धमका। किसी ने फोन पर उसके कान भरे थे। शाहिदा के लिए यह स्थिति सोच से परे थी। सितारा की उसने हमेशा मदद किया था। पर आज सुहैल सितारा दुश्मनों जैसे व्यवहार कर रहे थे। बात पुलिस चौकी तक पहुंच गई। सुहैल की मांग थी कि सड़क पर उसे भी हिस्सा चाहिए। जमीन की चौड़ाई कम थी गहराई ज्यादा। तीन हिस्सों में बंटने पर कमरे का निर्माण संभव नहीं था। आज़ असगर भी अपना हिस्सा मांगने लगा। कुछ लोग सुलह कराने की कोशिश करने लगे पर कोई हल नहीं निकल पाया। जमीन के बदले सुहैल ने बहुत ज्यादा पैसा की डिमांड रखी जो जमील के लिए असंभव था। बहरहाल कमरे का निर्माण रूक गया। यह बात शाहिदा को बहुत अखर गई। उसने हमेशा सलमा की यथा संभव मदद की थी। असगर के बेटियों को वहीं एक तरह से पाल रही थी। पर इन लोगों के आज के व्यवहार ने उसे बेहद चोट पहुंचाई।
उसने असगर को अलग हो जाने के लिए बोल दिया। सुहैल को भी अपना हिस्सा बांट लेने के लिए कह वह बाजार चली गई।उसे आज़ बड़ी बेइज्जती महसूस हो रही थी।
सुहैल और असगर को अब पछतावा होने लगा। सुहैल सितारा की बातों में आ गया था। जमील और शाहिदा का व्यवहार कभी ग़लत नहीं रहा उल्टे जब भी जरूरत पड़ी बिना कुछ सोचे उन दोनों ने मदद की और इसका जिक्र कभी किसी से नहीं किया था। रही बात असगर की तो उसकी बीबी सलमा तो खुद ढंग से नहीं रह सकतीं बच्चों को पालने का तो सवाल ही नहीं उठता। चारों लड़कियों को अपनी संतान की तरह शाहिदा ने पाला था। असगर और सलमा के लिए भी खाने की व्यवस्था शाहिदा ने हीं आज तक किया था। सलमा को तो दुनियादारी की समझ हीं नहीं थी। सितारा को भी स्थिति की गंभीरता महसूस हो रही थी और मन ही मन खुद को कोस रही थी। तभी हाथ में समोसे का पैकेट लिए शाहिदा दिखाई दी। बहस के कारण खाना बना नहीं था। बच्चे क्या बड़ों को भी जोरों की भूख लगी थी। असगर की बड़ी बेटी दौड़कर शाहिदा के हाथ से पैकेट ले लिया। दोनों कमरे में चली गई। थोड़ी ही देर में समोसा और जलेबी सबके लिए लेकर असगर की बेटी लेकर हाजिर हो गई। चुपचाप सबने दोना ले लिया। असगर की आंखों से आंसू बहने लगा। वह हिचक हिचक कर रोने लगा। सुहैल और सितारा की आंखों से भी आंसू बहने लगे। जमील भी चुपचाप बैठा था। इतने में चाय का गिलास लेकर शाहिदा बाहर आई। सितारा शाहिदा से लिपट कर रोने लगी। जमील भी चाय पीने दोनों भाइयों के पास आ बैठ गया। सुहैल , असगर दोनों हाथ जोड़कर बड़े भाई से क्षमा मांगने लगा। आंसू पलभर में शिकवे शिकायत को खत्म कर देते हैं। सितारा ने सारा इलज़ाम अपने ऊपर ले लिया। खुद को कोसने लगी। खुद के मरने की दुआं मांगने लगी। शाहिदा ने गले से लगा लिया। कुछ देर पहले जहां नफरत की आंधी चल रही थी अब वहां प्रेम की ठंडी बयार बहने लगी। शाहिदा ने सुहैल सितारा को भी बच्चों सहित आज घर पर रोक लिया। शाम को सेवईयां भी बनना था। दूध के लिए जमील टेड़ई यादव के घर का रुख़ किया। सितारा और शाहिदा रसोई में व्यस्त हो गई। बच्चे सब आपस में खेलने लगे।
सबने खूब छक कर खाना खाया। सितारा के हाथों में जैसे जादू था। वर्षों बाद सब इकट्ठे इतना खुश थे।
सुबह सुहैल और सितारा जाने लगे। जमील से सुहैल ने कहा कि उसने थोड़ी जमीन ले रखी है कस्बे के पास तो अब वो यहां कोई हिस्सा नहीं लेगा। असगर ने भी कहा कि जैसे जमील चाहे बनवा सकता है। जाते जाते सुहैल ने कुछ हजार रूपए ज़बरदस्ती जमील के हाथ पर रख दिए और कहा कि जैसे मर्जी हो वैसे बनवाइए। जमील ने भाई को गले से लगा लिया। एक टुकड़ा जमीन का जो कल फसाद का कारण बना था आज़ वह मुस्करा रहा था।
-श्रीधर पांडेय कृष्णार्थ
