वर्षों पूर्व मात्र दस रूपए की शर्त जीत कर दस बीघा जमीन अपने नाम कराने वाले धीरा उसी जमीन पर अचानक मृत पाये गये।
शाम को वे कुछ लोगों को उसी जमीन पर स्कूल दिखा रहे थे। वे वहां पर एक आवासीय विद्यालय खोल रहे थे। सरकार से दसवीं तक मान्यता प्राप्त हो चुकी थी।
पूजा अर्चना के बाद काम तेजी से चल रहा था। प्राइमरी सेक्शन लगभग पूरा हो चुका था।
सात दिन बाद उद्घाटन करने मुख्यमंत्री स्वयं आ रहे थे।
और अचानक आज धीरा मृत पाये गये। धीरा के दोनों बेटे बड़ा सोमेश छोटा रोमेश परेशान थे। उन्हें ज्यादा कुछ पता नहीं था।
दोनों वर्षों पहले ही सिंगापुर बस गये थे। पिता धीरा ने भी कभी कुछ नहीं बताया।
और अब धीरा कुछ बताने को है ही नहीं।
सारे क्रियाकर्म से निपट कर दोनों बेटे उस जगह गये जहां स्कूल बन रहा था। स्कूल काफी आधुनिक सुविधाओं से लैस एक खूबसूरत इमारत में था।
पर धीरा की मृत्यु के बाद काम रूका पड़ा था।
अचानक रोमेश एक पत्थर से टकरा कर गिर गया।उठने के उपक्रम में उसका हाथ पास रखी टेबल पर पड़ा।तभी एक कागज उसके हाथ आया। रोमेश ने कागज खोला। पिताजी की लिखावट “सोमेश भैया इधर आओ” रोमेश चिल्ला कर बोला।
“क्या हुआ” कहता सोमेश घबरा कर रोमेश के पास आया।
“भैया जब मैं फिसल के गिरा और उठ रहा था तब ये अचानक मेरे हाथ आ गया।” रोमेन कांपती आवाज में बोला।
“पिताजी की लिखावट कागज तो बिल्कुल नया सा लग रहा है” सोमेश बोला।
दोनों ने मिलकर वो कागज खोला। वो सोमेश और रोमेन को संबोधित करके धीरा का पत्र ही था।
मेरे बच्चों सोमेश और रोमेश …
मैंने जीवन भर बहुत सी बातें तुम्हें नहीं बताई। सिर्फ इसलिए क्योंकि वो सब मेरे लालच और स्वार्थ का मकड़जाल था।
बेटा मैंने एक जबरदस्त चाल चल के अपने दोस्त वीरा से ये जमीन सिर्फ दस रूपए की शर्त जीत अपने नाम करा ली थी।
वीरा सीधा-सीधा ईमानदार युवक था। यही जमीन उसके परिवार की पालनहार थी। वीरा बहुत रोया गिड़गिड़ाया पर मैं टस से मस ना हुआ। और मजबूरी में वीरा ने ये दस बीघा जमीन मेरे नाम कर दी और इसी में मजदूरी करने लगा।
लेकिन इस घटनाक्रम ने उसे इतना तोड़ दिया था कि वो जी नहीं पाया। एक दिन नहर में डूब कर मर गया। उसकी पत्नी भी एक बीमारी में चल बसीं। तब मैंने उसके इकलौते बेटे अभी को दूर छात्रावास में डाल दिया। वो दस वर्ष का था। पढ़ने में होशियार। वो आज इंजीनियर है और मल्टीनेशनल कंपनी में काम करता है।
मैंने लालच में ये कदम उठा तो लिया।अपने दोस्त को लूट कर मैं कभी सुखी नहीं हो पाया। तुम्हारी मां जरा सी बीमारी में चलीं गईं।
बेटा वीरा मर कर कहीं गया नहीं।वो मेरे साथ ही रहता है। और अब मुझे अपने साथ ले कर ही जायेगा।
बेटा मैं चाहता हूं कि तुम अभी को बुला कर ये जमीन उसे सौंप दो। मेरे खेत बेच कर दोनों भाई आधा आधा बांट लो।
मेरे गुनाह के छींटें तुम पर ना पड़े इसलिए अभी को सब सौंप सिंगापुर लौट जाना।
तुम्हारा पिता धीरा।
नीचे अभी का पता लिखा था।
सोमेश और रोमेश तुरंत मुंबई के लिए निकल गये।
मुंबई में अभी से मिल कर उन लोगों ने सारी बात बताई और वो पत्र भी पढ़ने को दिया।
दूसरे दिन ही अभि सोमेश और रोमेश के साथ गांव आ गया।
स्कूल का काम रूका हुआ था।
अभि ने सोमेश का हाथ पकड़ कर कहा भैया धीरा चाचा ने जो किया और पिताजी ने जो भी किया उसमें ना आपका दोष है ना मेरा। फिर क्यों मैं अपने बड़े भाइयों से दूर रहूं। ये जमीन हम तीनों के नाम बराबर होगी।और हम तीनों मिलकर स्कूल पूरा करेंगे। बड़ों की गलती की सजा मुझे अपने प्यार से मरहूम करके मत दीजिए।
सोमेश और रोमेन ने अभी को गले लगा लिया।
एक वर्ष बाद स्कूल को बारहवीं तक मान्यता मिल गई। और स्कूल अच्छा चलने लगा। आस-पास के बच्चे डे स्कालर थे । दूर से आते बच्चे छात्रावास में रहते थे।
दो लोग गले में हाथ डाल कर अक्सर स्कूल का मुआयना करते थे।
“धीरा हमसे तो हमारे बच्चे समझदार निकले। देख वे आपस में परिवार की तरह घुल-मिल गए।”
हां वीरा हम बेवकूफ थे। वो परछाईंयां रोज रात स्कूल में घूमतीं सुबह हवा में विलीन हो जाती।
जमीन का वो टुकड़ा अब हजारों बच्चों के सपनों में रंग भर रहा था।
-नमिता दुबे मिशा
