उठो लाल, माँ भारती के,
देखो नाम तुम्हारे आई है पाती,
धर लो शस्त्र निज कर में की,
तुम्हें स्वतंत्रता है पुकारती ।
माटी की सौंधी खुशबू में,
वीरों की गाथा गूँज रही,
सीमा पर प्रहरी बनकर अब,
भारत माँ तुम्हें खोज रही।
त्याग और बलिदान की धरती,
तुमसे आज सवाल करे,
क्या तुम अपने देश की खातिर,
कर्तव्य-पथ पर कदम धरे?
निज स्वार्थों को दूर हटाकर,
राष्ट्र-प्रेम का दीप जलाओ,
ज्ञान, कर्म और सत्य अपनाकर
भारत माँ का मान बढ़ाओ।
नहीं चाहिए केवल रण में,
शौर्य दिखाने वाले वीर,
आज देश को चाहिए ऐसे,
युवा जिनके मन में हो धीर।
उठो कि तिरंगा राह निहारे,
उठो कि भारत माँ मुस्काए,
तुम आगे बढ़ते जाओ तो,
भारत जग में शीश उठाए।
उठो लाल, अब समय पुकारे,
मातृभूमि का मान रखो,
अपने कर्मों से भारत के,
स्वर्णिम भविष्य की नींव रखो।
माँ भारती की पावन धरती,
तुमसे बस इतना कहती है।
देश प्रथम हो, कर्म महान हो,
यही विजय की राह सही है।
-रीति झा
