सबसे ऊंची शान तुम्हारी,पावन तेरा नाम है।
हे भारत माता तुमको,जन-जन का कोटि प्रणाम है।
हम भारतवासी माँ तेरी,ही सच्ची संतान हैं।
तेरी गोदी में हैं जन्मे,अगणित वीर जवान हैं।
संस्कारी तेरी है माटी,कण कण बसते राम हैं,
हे भारत माता तुमको,जन-जन का कोटि प्रणाम है।।
तेरी छाया में माता सुख,समृद्धि खुशहाली है।
चमक रहे चंदा और सूरज,खेतों में हरियाली है।
तेरे चरण में बहती गंगा,बसते चारों धाम हैं,
हे भारत माता तुमको,जन-जन का कोटि प्रणाम है।।
सीखा है नैतिकता निष्ठा,धर्म सभी हे माँ तुमसे।
त्याग समर्पण देशभक्ति की,गाथाएँ हे माँ तुमसे।
तुम कल्याणी ज्ञान की देवी,नेह तेरा अविराम है,
हे भारत माता तुमको,जन-जन का कोटि प्रणाम है।।
सजे तिरंगा हाथ तुम्हारे,भारत की पहचान में।
नमन तुम्हे करती है ’पूजा’,तेरे ही सम्मान में।
देशभक्ति के गीत है गाता,हर सैनिक सुबहो-शाम है,
हे भारत माता तुमको,जन-जन का कोटि प्रणाम है।।
-अनुजा दुबे ’पूजा’
वरुण (महाराष्ट्र)
