अन्तरा शब्दशक्ति सृजक-सृजन समीक्षा

रविवारीय केंद्रीय रचनाकार विशेषांक…

आज अन्तरा शब्दशक्ति के पटल पर राधा गोयल जी, विकासपुरी, नई दिल्ली का परिचय एवं उनकी चार रचनाएँ पाठकों की समीक्षा एवं विचारार्थ प्रस्तुत हैं।
राधा गोयल जी बहुआयामी रचनाकार हैं। साहित्य-सृजन के साथ सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण, पठन-पाठन तथा रचनात्मक गतिविधियों में उनकी निरंतर सक्रियता दिखाई देती है। उनकी प्रकाशित कृतियों में अनेक पद्य एवं गद्य संग्रह शामिल हैं। उनकी रचनाएँ विभिन्न प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं, ई-पत्रिकाओं, वेब पोर्टलों तथा साझा संकलनों में प्रकाशित होती रही हैं। अनेक साहित्यिक सम्मानों से सम्मानित राधा जी का लेखन जीवन के विविध पक्षों, सामाजिक विसंगतियों, नारी-अस्मिता, प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं को स्वर देता है।
आइए, राधा गोयल जी की रचनाओं से परिचित हों और अपने विचारों एवं समीक्षात्मक प्रतिक्रियाओं से उनका उत्साहवर्धन करें।

प्रस्तुतकर्ता
डॉ प्रीति समकित सुराना
संस्थापक
अन्तरा शब्द शक्ति

राधा गोयल जी का संक्षिप्त परिचय

नाम:- राधा गोयल
जन्मतिथि:- 03/08/1948
जन्मस्थान:- दिल्ली
शिक्षा:- स्नातक (पत्राचार माध्यम द्वारा), बी.एड., कटिंग टेलरिंग सर्टिफिकेट कोर्स, योग डिप्लोमा, रंग चिकित्सा, मुद्रा विज्ञान, शिवाम्बु चिकित्सा व एक्यूप्रेशर का अल्पकालिक कोर्स।
कार्यक्षेत्र:- मुख्य लिपिक के पद से अगस्त 2008 में सेवानिवृत्त।
रुचियाँ:- पाक कला, पठन-पाठन, लेखन, व्यर्थ समझी जाने वाली वस्तुओं का उचित उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाना।
स्थाई पता:- एफ ब्लॉक, विकासपुरी, नई दिल्ली-110018

प्रकाशित कृतियाँ:-
12 एकल पद्य संग्रह — काव्य मंजरी, निनाद, जीवन एक खिलौना, नयी उम्मीद नया आसमान, अजब अनोखे खेल, एक ख्वाब अधूरा सा, आपातकाल में सृजन फुलवारी, अन्तर्नाद, ऊँची नीची है डगरिया, प्यासी धरती तपस्विनी सी, भीगे सपने, संवेदना के स्वर।

17 एकल गद्य संग्रह — पाती प्रीत भरी (भाग-1), पाती प्रीत भरी (भाग-2), हादसा, नया मोड़, क्या-क्या न सहे हमने सितम, तेरे नाम, यादों के झरोखे से (भाग-1), गली जाजमपुरिया, सृजन समीक्षा, बकरा मिल गया, अकस्मात, यात्रा वृत्तांत/देश-परदेश भाग-1, यात्रा वृत्तांत देश-परदेश भाग-2, सामाजिक मुद्दे श्रृंखला-1, सामाजिक मुद्दे श्रृंखला-2, कब जागोगे, मन के जीते जीत।

1976 से 1978 के दौरान नियमित रूप से एक मासिक पत्रिका में रचनाओं का प्रकाशन।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुस्तकों में सहभागिता:
इनसे हैं हम — गुमनाम शहीदों के बारे में गद्य लेखन।
भारत के भारत रत्न।
आजादी का जश्न भाग-1 में गुमनाम क्रांतिकारियों के बारे में तीन लेख।
आजादी का जश्न भाग-2 में दो गुमनाम क्रांतिकारियों की कहानी।
भारत के अशोक चक्र विजेता, हिन्द के प्रहरी, स्वराज के स्वर, हौसलों के स्वर — पद्म श्री सम्मान से सम्मानित विभूतियों के बारे में।
हौसलों के हमसफर — ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकारों के बारे में पद्य संग्रह।
वैश्विक हिन्दी सम्मेलन मंच में 14/09/2021 को लेख प्रकाशित।

70 से अधिक साझा संग्रहों में सहभागिता। प्रतिष्ठित पत्रिकाओं तथा स्टोरी मिरर, प्रतिलिपि, हिन्दी प्रतिलिपि, युवा प्रवर्तक, हिन्दी भाषा डॉट कॉम, नवकिरण द्वैमासिक पत्रिका, आदित्य संस्कृति एवं अन्य ई-पत्रिकाओं में रचनाओं का नियमित प्रकाशन।

विशेष उपलब्धियाँ:-
उनकी गद्य पुस्तक नया मोड़ को पुरस्कृत श्रेणी की पुस्तकों में चयनित किया गया। आदित्य संस्कृति द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में 368 लेखकों ने अपनी प्रविष्टियाँ दी थीं, जिनमें 22 लेखकों की पुस्तकें चयनित हुईं।
एक अन्य पुस्तक तेरे नाम को भी पुरस्कृत किया गया, जिसमें 168 लेखकों ने अपनी प्रविष्टियाँ प्रस्तुत की थीं।

सम्मान:-
राधा गोयल जी को शताधिक साहित्यिक एवं सामाजिक सम्मान प्राप्त हुए हैं। इनमें इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लन्दन बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज अंतर्राष्ट्रीय काव्य श्री सम्मान, अन्तरा शब्द शक्ति सम्मान, भाषा सारथी सम्मान, वूमेन आवाज सम्मान, मातृभाषा उन्नयन सम्मान, कलम के सिपाही, भाव भाषा निर्झरिणी सम्मान, साहित्य साधक सम्मान, समय साक्षी सम्मान, समर्थ नारी गौरव सम्मान, जीवन योद्धा सम्मान, प्रजातंत्र का स्तंभ गौरव सम्मान, इंद्रप्रस्थ तूलिका स्वर्ण, वात्सल्य सम्मान 2021-22, लाल बहादुर शास्त्री साहित्य रत्न सम्मान 2022-23, हुंकार सम्मान, गुरु आशीर्वाद सम्मान, साहित्य मेधा चक्र सम्मान, कर्मयोगी सम्मान, भारतेंदु हरिश्चंद्र हिंदी सेवी सम्मान 2022, संचित काव्य तरंग साहित्य सम्मान, विश्व भारती हिंदी सम्मान 2020, लक्ष्य भेद शक्ति आराधना सम्मान, शब्द अमृत सृजन सम्मान 2021, हिंदी गौरव सम्मान, प्रणेता साहित्य गौरव सम्मान, नारी शक्ति सम्मान 2023, सृजन सम्मान 2023, महिला शक्ति सम्मान, आयुष गौरव सम्मान 2023, निरपेक्ष पत्रकारिता विषय पर सम्मान पत्र तथा अन्य अनेक सम्मान शामिल हैं।

अक्टूबर 2008 में इंडिया हैबिटेट सेंटर में एसोसिएशन इंडियन एपिलेप्सी सोसाइटी के 9वें वार्षिक सम्मेलन में “मरीज बीमारी से नहीं, बीमारी के एहसास से मरता है” विषय पर बोलने के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया।

स्टोरी मिरर जैसे बहुभाषी साहित्य मंच पर अनेक बार ऑथर ऑफ द वीक के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।

संपर्क:-
चलितभाष : 9811599770
ई-मेल : radhagoyal222@gmail.com

━━━━━━━━━━━━━━━
रचनाएँ
━━━━━━━━━━━━━━━

  1. आरोप-प्रत्यारोप

कहना तो बहुत कुछ है अगर कहने पे आऊँ,
पर सोचती हूँ कहने से क्या होगा?
कभी सोचती हूँ
कम से कम मन का आक्रोश कुछ तो कम होगा।
हर समय हमारे जीवन में आरोप- प्रत्यारोप का दौर चलता ही रहा
एक झुकता रहा
दूसरा झुकाता ही रहा
पर झुकने की भी एक सीमा होती है
तुम केवल आरोप लगाते रहे
मैंने हर आरोप को सिर माथे स्वीकार किया
कभी-कभी प्रतिरोध भी किया
लेकिन ज्यादातर केवल मौन समर्पण ही किया
तुम मेरे मौन समर्पण को अपना अधिकार समझते रहे
मेरे तन मन और जीवन पर हमेशा केवल तुम्हारा अधिकार रहा
क्या मेरे इस जीवन पर सिर्फ तुम्हारा ही अधिकार है?
मेरा कुछ भी नहीं?
जब- जब अपनी इच्छा से जीने की कोशिश की,
आरोपों- प्रत्यारोपों का रेला चल पड़ा।

आखिर मेरे अधिकार कहाँ हैं?आरोप लगाने मुझे भी आते हैं। प्रत्यारोप मैं भी कर सकती हूँ।
पर क्या होगा इस आरोप और प्रत्यारोप से?
जीवन की साँझ आ गई है।
अच्छा यही है कि शांति से जीवन गुजार लें।
ज्यादा परफेक्शन की उम्मीद से
अपना और दूसरों का जीवन बर्बाद करके क्या होगा?
माना कि तुममें बहुत परफेक्शन है
पर सबसे परसेप्शन की उम्मीद क्यों रखते हो?
इसीलिए हर समय हर किसी पर आरोप- प्रत्यारोप लगाते रहते हो।
कभी सोचा है कि इस व्यवहार से बुढ़ापे में क्या हाल होगा?
सब छोड़ कर चले जायेंगे।
कोई साथ नहीं देगा।
फिर बिस्तर में पड़े- पड़े सोचते रहना
और अपने व्यवहार पर शर्मिंदा होते रहना।

  1. मेघों की सीनाजोरी

घन घनन घनन गरजे मेघा मूसलाधार बरसात हुई।
बादल इतना ज्यादा रोए, सारी सड़कें जलमग्न हुईं।
न जाने कितने ही शहर , इस वर्षा में डूब गए।
लाखों लोग हुए बेघर , कितने पानी में समा गए।

मेघों की ये सीनाजोरी, कितने सपने छील गई।
नेताओं की उदासीनता कई जिन्दगी लील गई।
नेताओं तुमसे विनती है, उस पर थोडा ध्यान करो।
बाढ़ और सूखे से निपटने के हर संभव यत्न करो।

बरसात के मौसम से पहले कुएँ खुदवाना।
बरसात के पानी का संचय का जतन करना।
न फिर सूखा पड़ेगा और न ही बाढ़ आएगी।
पसीने से कमाई दौलतें, तब बह न पाएँगी।
अति वर्षा… अति सूखे से पीड़ित कोई न होगा।
रहनुमाओं! तुमको इस बारे में कुछ तो करना ही होगा।

  1. मौन नहीं, न्याय चाहिए

दामन में दाग लगाकर, चुप रहने को मुझे मजबूर किया।
हवस शान्त की अपनी, और वीडियो भी उसका बना लिया।
सबको दिखला दूँगा, यह कहकर रोज ब्लैकमेल किया।
तन तो नोंच ही था तूने, मन भी मेरा छील दिया।

बहुत रही खामोश, मगर अब मैं खामोशी तोड़ूँगी।
मुझ जैसी सारी बहनों को, साथ में अपने जोड़ूँगी।
खुद आमन्त्रण दूँगी, आजा अपनी हवस मिटाने को,
दिल में ठान के बैठी हूँ, मैं तुझको आज मिटाने को।

केवल तुझको नहीं हवस के, जितने आज पुजारी हैं,
उन सबके ऊपर ही आई, अब तो आफत भारी है।
दृढ़ निश्चय कर डाला है, अब मौन नहीं रहना होगा।
एकजुट हो बलात्कारियों का, समूल नाश करना होगा।

नारी को अबला समझा, अब अबला नहीं रहेगी वो।
कितना बल है उसमें, नराधमों को दिखला देगी वो।
नहीं शरण कानून की लेगी, खुद ही न्याय करेगी वो।
जिस पौरुष पर दंभ है, वही अंग काट फेंकेगी वो।

  1. तुहिन कणों से आच्छादित है, कुसुमित उपवन यह सारा

रजनी ने घूँघट में से, धरती की ओर निहारा।
गर्मी से व्याकुल हर जन, था तड़प रहा बेचारा।
देख मनुज की पीड़ा, रजनी के आँसू आए।
मेघों से गुहार की उसने, धरती पर आ जाएं।
सुनते ही रजनी की गुहार, मेघ चल पड़े फौरन
त्रस्त धरा के सभी प्राणियों को मिल गया प्राण धन।

नन्हें नन्हें तुहिन कणों ने, मादक नृत्य दिखाया।
आकुल त्रस्त धरा को मानो, शीतल पेय पिलाया।
नन्ही नन्ही सी बूंदें, पत्तों पर थिरक रही थीं।
मोर नाचने लगे बाग में, बुलबुल चहक रही थीं।
लोग घरों से बाहर आ,इसका आनन्द उठाएं।
मुदित मगन हो सभी खुशी से झूम झूम कर गाएं।
तुहिन कणों से आच्छादित है कुसुमित उपवन यह सारा।
अंग अंग हो गया प्रफुल्लित, मिला ताप से छुटकारा।

  1. बरसो मेघा झूम के

बरसो मेघा झूम के
इस धरती को चूम के
प्यासी धरती तपस्विनी सी करती आज गुहार।
तप्त धूप से व्यथित प्राणियों को लो आज उबार।
पानी पानी की चहुं ओर मची है आज गुहार,
कृषक फसल कैसे बोएगा, करता करुण पुकार।
कुछ भी अच्छा नहीं लगे अब, बिन पानी सब सून,
उपवन हैं सब सूने सूने, खिला न कोई प्रसून।
सब उदास मायूस हुए से, ताक रहे आकाश,
बरसो मेघा झूम-झूम कर, यूँ न करो निराश।

बिना तुम्हारे धरती पर सावन कैसे आएगा?
बिना तुम्हारे कलियों का दिल कैसे खिल पाएगा?
कामदेव के तरकश से तूणीर निकल न पाएं।
अपने वाणों से प्रेमी को घायल न कर पाएं।
बिना तुम्हारे सेज सुहानी कैसे हो पाएगी?
बोझिल-से मौसम में कैसे रौनक आ पाएगी।
अबके बरस चातकी शायद प्यासी मर जाएगी।
प्यासे होठों पर अब कोई गीत नहीं आता।
सावन के बिन कोई मेघ मल्हार नहीं गाता।
तृषित धरा को अब कोई भी भाव नहीं भाता।
तरुणियों को कोई भी श्रृंगार नहीं भाता।

धरा और सारे प्राणी ही व्याकुल बहुत हुए।
पानी पानी पानी की रट ही सब लगा रहे।
अब भी अगर नहीं बरसे तो हाहाकार मचेगा।
बिन पानी इस धरती का अस्तित्व ही आज मिटेगा।
लोगों की पीड़ा को देखो, बरसो मेघा झूम के।
हर्षित कर दो हृदय सभी का, इस धरती को चूम के।

-राधा गोयल
विकासपुरी (दिल्ली)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x