बारहवीं पास कर ली थी,
आगे की पढ़ाई के लिए,
विषय का चयन करना था।
पहले कॉमर्स पढ़ने का,
मन में निर्णय था।
फिर लॉ के प्रवेश-परीक्षा में,
सफलता मिली।
कॉलेज में दाखिला लिया,
तो कुछ लोगों ने,
उसे बुद्धिहीन समझ लिया।
एक रिश्तेदार ने तो यहाँ तक कह दिया—
“गॉन केस है!”
उसके निर्णय पर,
उलाहने भी मिले।
लेकिन उसने हार नहीं मानी,
अपने लक्ष्य पर विश्वास रखा,
मेहनत को अपना साथी बनाया।
कॉलेज के पाँचवें वर्ष के,
पूरा होने से पहले ही,
मुंबई की एक नामी कंपनी में,
अच्छे पैकेज पर नौकरी मिल गई।
तब वही लोग,
उसकी पीठ थपथपाने लगे।
जिन्होंने कभी उसे,
कमतर समझा था।
सबको अपनी भूल समझ आई।
पर उसने किसी से,
कोई शिकायत नहीं की।
दस वर्ष बीत गए—,
आज भी मेहनत जारी है।
उन्नति के सोपान चढ़ते हुए,
वह जी.एम. (लॉ) के पद तक पहुँच गया है।
अब वही रिश्तेदार,
उसकी तनख़्वाह में होने वाले,
हर नए उछाल की चर्चा करते हैं।
कुछ न बनने और,
बहुत कुछ बन जाने के बीच,
बस इतना ही तो अंतर है—
बदल जाता है लोगों का नज़रिया।
उम्मीद से जीवन चलता है,
विश्वास से राह बनती है,
और जब मेहनत रंग लाती है,
तो बदल जाती है दुनिया की दृष्टि।
नज़रें बदलें तो नज़ारे बदल जाते हैं।
-डॉ अमृता शुक्ला
