रविवारीय केंद्रीय रचनाकार विशेषांक….
आज अन्तरा शब्दशक्ति के पटल पर पुष्पा अरविंद शर्मा, नागपुर का परिचय एवं उनकी छह रचनाएँ पाठकों की समीक्षा एवं विचारार्थ प्रस्तुत हैं।
पुष्पा अरविंद शर्मा, नागपुर जी एक संवेदनशील एवं बहुआयामी रचनाकार हैं। साहित्य-सृजन के साथ लेखन को अपने मन के भावों एवं विचारों को अभिव्यक्त करने का माध्यम मानने वाली पुष्पा जी कविता, लघुकथा एवं संस्मरण जैसी विधाओं में निरंतर सक्रिय हैं। उनकी रचनाओं में जीवन के विविध अनुभवों, मानवीय संवेदनाओं, प्रकृति-प्रेम, भक्ति, स्मृतियों तथा स्त्री-मन की अनुभूतियों की सहज अभिव्यक्ति दिखाई देती है। उनकी रचनाएँ नवभारत नागपुर, दैनिक भास्कर सहित विभिन्न महिला पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं।
पुष्पा जी की लेखनी की विशेषता उनकी सरल, सहज एवं भावप्रधान अभिव्यक्ति है। ‘छुक-छुक करती गाड़ी आई’ और ‘तितली’ जैसे बालगीतों में बालमन की चंचलता और प्रकृति के प्रति आकर्षण दिखाई देता है, वहीं ‘ख़त’ में बीते समय की आत्मीय स्मृतियाँ और बदलते संचार माध्यमों के साथ बदलती जीवन-शैली का चित्रण है। ‘राम!’ में भक्ति एवं समर्पण का भाव मुखरित होता है। लघुकथा ‘अपराध बोध’ मानवीय संवेदना और समय रहते किए जाने वाले परोपकार की महत्ता को मार्मिक ढंग से सामने रखती है, जबकि ‘पहचान’ स्त्री के आत्मबोध और स्वयं की स्वतंत्र पहचान की तलाश को स्वर देती है।
आइए, पुष्पा जी की रचनाओं से परिचित हों और अपने विचारों एवं समीक्षात्मक प्रतिक्रियाओं से उनका उत्साहवर्धन करें।
प्रस्तुतकर्ता
डॉ. प्रीति समकित सुराना
संस्थापक
अन्तरा शब्द शक्ति
परिचय
नाम — पुष्पा अरविंद शर्मा
पिता — श्री चिरंजीव लाल शर्मा
माता — श्रीमती सावित्री देवी शर्मा
पति — अरविंद कुमार शर्मा
रुचि — लेखन, कविता, लघुकथा, संस्मरण
प्रकाशन — नवभारत नागपुर, दैनिक भास्कर एवं कुछ महिला पत्रिकाएँ।
आत्मकथ्य — लेखन सिर्फ शौक नहीं, मन के भाव और विचार को शब्दों में उकेरना और लोगों तक पहुँचाना है।
- छुक-छुक करती गाड़ी
छुक-छुक करती गाड़ी आई,
उसमें बैठी गुड़िया रानी आई।
चीं-चीं करती चिड़िया आई,
चिड़िया बोली, मैं भी चलूँ तेरे साथ।
गुड़िया बोली, आ जा, बैठ जा मेरे पास।
भौं-भौं करता कुत्ता आया,
कुत्ता बोला, मैं भी चलूँ तेरे साथ।
गुड़िया बोली, आ जा, बैठ जा मेरे पास।
म्याऊँ-म्याऊँ करती बिल्ली आई,
बिल्ली बोली, मैं भी चलूँ तेरे साथ।
गुड़िया बोली, आ जा, बैठ जा मेरे पास।
सबके साथ बैठी गाड़ी चलती जाए,
घूम-घाम के सब वापस घर को आए।
- तितली!
तितली रानी, तितली रानी,
रंग-बिरंगे पंख तुम्हारे,
नाज़ुक-नाज़ुक प्यारी-सी,
कितनी सुंदर लगती हो।
फूल-फूल पर मंडराती हो,
फूलों का रस पी उड़ जाती।
मेरे आँगन सुंदर फूल खिले,
तुम क्यों नहीं आती तितली?
मेरे आँगन आ जाओ रानी,
फूलों का रस पी उड़ जाना।
कल फिर आ जाना तुम,
मैं नहीं तुमको पकड़ूँगा।
तितली रानी, तितली रानी।
- अपराध बोध!
दिसंबर का महीना है, कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार का दिन है। सुबह होने को है। सब कोई रज़ाई में दुबककर सो रहे हैं। उठने की किसी को जल्दी नहीं है। रमा का भी मन तो उठने का नहीं हो रहा है, पर सोचती है, उठना तो पड़ेगा।
सिटी क्लब वालों की तरफ़ से आज कंबल वितरण का कार्यक्रम है। वितरण की ज़िम्मेदारी रमा पर है। सुबह-सुबह कंबल बाँटने जाना है। सोचती हुई रमा उठकर तैयार होती है।
इतने में ड्राइवर आ जाता है। उसकी मदद से कंबल कार में रखती है। घड़ी पर नज़र जाती है तो लगता है, निकलने में देर हो गई है। सब कोई पहुँच गए होंगे। यहाँ से पुरानी बस्ती की दूरी लंबी है। ऊपर से रास्ता भी जाम दिख रहा है। खैर, देखते हैं, सोचकर रमा कार में बैठ गई।
उसके घर से कुछ ही दूरी पर देवी माँ का मंदिर है। आते या जाते समय वह वहाँ ज़रूर रुकती है। बाहर एक बूढ़ी माई बैठी रहती है। वह किसी से कुछ माँगती नहीं है। कोई अपने मन से दे दिया तो ठीक है। रमा सोचती है, माई ठंड में ठिठुरती हुई बैठी रहती है, एक कंबल उसे ज़रूर दे दूँगी।
मंदिर आया तो मन में विचार आया, वैसे ही देर हो रही है, वापसी में दे दूँगी।
रमा पुरानी बस्ती पहुँच गई। कंबल वितरण समाप्त हुआ। सब कोई रवाना हो गए। रमा मंदिर के पास कार रुकवाती है। कंबल हाथ में लेकर आगे बढ़ती है कि माई को अपने हाथ से ओढ़ा दूँगी।
मंदिर के सामने कुछ लोग झुंड में खड़े थे। रमा ने किसी से पूछा, “क्या हुआ?”
किसी ने जवाब दिया, “यहाँ एक माई बैठती थी, वो नहीं रही।”
रमा ने देखा, उसके हाथ से कंबल माई के ऊपर गिर गया!
रमा रोती हुई कार में बैठ गई। उसके आँसू रुक नहीं रहे थे।
मन अपराधबोध से भर गया।
- ख़त!
याद रहेगा वो ज़माना,
बातों को शब्दों की लड़ी में पिरोना,
ख़त में मोती-सा सजाते जाना,
दौड़ लगा डाकघर जाना,
ख़त पोस्ट कर धीरे-धीरे आना,
करते डाकिए का इंतज़ार।
ख़त हाथ में आते ही इबारत
से पहचानने की कोशिश,
आज भी याद हैं वो क़िस्से,
लगता ख़त के हो न जाएँ
हिस्से।
खोलने के लिए छीना-झपटी,
बहन-भाई से लिपटी।
आया फ़ॉरवर्ड का ज़माना,
मैसेज, इमोजी से जानना।
गुज़रा ख़तों का ज़माना,
ख़तों से प्यार जताना।
याद रहेगा वो ज़माना।
- राम!
साँवली सूरत, मोहिनी मूरत,
दर्शन अपना दे जाओ,
राम मेरे आ जाओ,
राम मेरे आ जाओ।
घिस-घिस चंदन भरी कटोरी,
संग मैं रोली भी ले ली,
अपने हाथों तिलक सजाने को,
राम मेरे आ जाओ।
बगिया से चुन-चुन फूल लाई,
मैंने प्यार से माला बनाई,
अपने हाथों से पहनाने को,
राम मेरे आ जाओ।
मैंने प्यार से लड्डू बनाए,
थाली में भर-भर सजाए,
अपने हाथों से खिलाने को,
राम मेरे आ जाओ।
जी भरकर निहारूँगी,
हाथ न राम अब छोड़ूँगी,
संग तुम्हारे मैं भी चलूँगी।
कहे पुष्विन्द, राम मेरे आ जाओ,
राम मेरे आ जाओ।
राम मेरे अब आ जाओ,
राम मेरे अब आ जाओ।
- पहचान!
समुद्र तट पर अकेली बैठी,
मैं उसकी ऊँची-नीची गिरती लहरों को ताकती।
अतीत के पन्नों में उलझ-सी जाती हूँ,
सोचती हूँ ज़िंदगी में अब तक,
क्या खोया, क्या पाया!
पाना तो दूर,
मैंने तो अपनी पहचान,
मैंने तो अपना नाम भी खो दिया।
क्या यह मेरी सही पहचान है?
नहीं!
बेटी, बहन, बहू, बीबी, माँ—
यह सब तो रिश्तों की पहचान है!
अब मुझे अपनी पहचान बनानी है।
मौत के बाद परिचित चेहरों के बीच
एक भी अनजान चेहरा,
याद कर दो बूँद आँसू गिरा दे,
तो मुझे
मेरी सही पहचान मिल गई।
-पुष्पा अरविंद शर्मा
नागपुर
