बाल साहित्य: “वन चौपाल”

(मेरी नजर में)
समीक्षक
-प्रदीप कुमार अरोरा, पुणे
रचनाकार –डॉ. प्रीतू समकित सुराना, वारासिवनी, (म.प्र. )

साहित्य को समर्पित हर रचनाकार की अपनी विधा, प्रस्तुत की जाने वाली रचना के लिए शब्द शैली और विषय अलग-अलग होते हैं। कुछ रचनाकार विविध विषय और विविध विधा में भी लेखन करते हैं, लेकिन अगर कहें कि बाल साहित्य ही लिखना है तब आपके पास विधा हेतु सिर्फ दो विकल्प रह जाते हैं – या तो आप कहानी लिखें या सरलता से गाई गुनगुनाई जाने वाली कविता। यहाँ कोई भी रचनाकार अपनी शब्द शैली का उपयोग नहीं कर सकता, उसे अत्यंत सरल शब्दों (जो बालमन को सहज ग्राह्य हो) में तुकबंदी करते हुए अपनी रचना का उद्देश्य निर्धारित करना होता है अर्थात उन नैतिक मूल्यों के संवर्धन का माध्यम बनना होता है, जो हर बालमन में सदआचरण का अंकुरण पैदा करे। यही कारण है कि “वास्तविक तौर पर किए जाने वाले बाल साहित्य सृजन” को मैं अत्यंत कठिन और गंभीर सृजन मानता हूँ। आज जब प्रीतिजी की “वन चौपाल” देखी, तो आश्चर्य होना स्वाभाविक था। क्योंकि, अब तक उनका गंभीर विषयों पर लेखन, अनुशासित पटल संचालन, सफल संपादन ही देखा था। लेकिन तब, जब स्वास्थ्य की निरंतर प्रतिकूलता हो, बाल साहित्य के प्रति उनका रुझान, सृजन और इससे भी बढ़कर हर रचना के लिए पृष्ठ डिज़ाइनिंग कर उसे पुस्तिकाकार रूप देना, ​यह सब एक मील के पत्थर की तरह उल्लेखनीय उपलब्धि ही है।

“वन चौपाल” में बच्चों के लिए कुल 32 प्रेरक कविताएं हैं, या यों कहा जा सकता है कि बाल मन को पढ़कर, उनके कोमल मन को पोषित करने वाले हर एक नैतिक मूल्य को पिरोने के सफल प्रयास के साथ तैयार की गई 32 मनकों की यह माला है “वन चौपाल”।

हम देखते हैं कि पुस्तक में शामिल कविता “पत्तों की सीख” प्राणी जगत में त्याग और सहयोग की भावना को बढ़ावा देती नजर आती है। “टूटा तिनका.. “, “नदी में आई बाढ़ ” जैसी रचनाएं विपत्ति में हौसला रखना सिखाती है।
बच्चों को मोह / लालच से दूरी बनाए रखने और विपत्ति में फंसे मित्रों की मदद करने का पाठ “शिकारी का जाल ” जैसी रचना में बड़ी सरलता और रोचकता के साथ प्रस्तुत हुआ है। कविता “जंगल की पाठशाला” में पढ़ाई की महत्ता को गहरे से समझाया गया है। वहीं आज के दौर में तेजी से पनप रही विसंगति (मोबाइल फोन की लत) का समाधान, कविता “खेलें खेल, छोड़े स्क्रीन” में मिलता है।
जीवन के सुनहरे पलों को सहेजने की प्रेरणा देती कविता “वन का सुंदर त्यौहार” अपने आसपास के परिवेश में उत्साह उमंग और मस्ती का नजारा प्रस्तुत करती है।

इस प्रकार हर रचना में कोई न कोई नेक संदेश है, नैतिक मूल्य की गाथा गुंथी हुई है। यही कारण है कि पुस्तक की हर रचना मजबूर करती है कि उसकी विशेषता को उबारकर यहाँ प्रस्तुत किया जाए, किंतु ​”मेरी दृष्टि में फिलहाल “पुस्तक की समग्र समीक्षा के लिए” उसकी चुनिंदा रचनाओं का मूल्यांकन प्रस्तुत करना ही पर्याप्त होगा।

अंत में मैं यही कहूँगा कि “वन चौपाल” बच्चों के मन को भाने / लुभाने वाली वह पुस्तक साबित होगी, जो उनके जीवन विकास में नींव का पत्थर बनेगी।

डॉ. प्रीति जी सुराणा को इस श्रेष्ठ उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई साथ ही अनंत शुभकामनाएं कि वे अपने स्वास्थ्य की अनुकूलता के साथ साहित्य सेवा के लक्ष्यों की प्राप्ति में निरंतर सफल होती रहें।

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x