पुराने घर की दीवार पर टँगा वंश वृक्ष परिवार की कई पीढ़ियों की कहानी कहता था। दादा, परदादा, चाचा, पिता—सबके नाम उसमें दर्ज थे।
आर्या बचपन से उसे देखती आई थी। एक दिन उसने दादा से पूछा,
“दादाजी, इसमें मेरा नाम क्यों नहीं है?”
दादा ने हँसते हुए कहा,
“बेटियाँ तो दूसरे घर चली जाती हैं बेटा, वंश तो बेटों से आगे बढ़ता है।”
आर्या चुप हो गई।
समय बीतता गया। आर्या पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी हुई और दूसरे शहर में नौकरी करने लगी। भाई भी अपने परिवार और काम में व्यस्त हो गया।
उम्र बढ़ने के साथ माता-पिता को सहारे की जरूरत होने लगी। भाई के पास समय कम था। आर्या दूर रहकर भी हर छोटी-बड़ी जरूरत में उनके साथ खड़ी रही। बीमारी में छुट्टी लेकर आई, अस्पताल के चक्कर लगाए और घर की जिम्मेदारियाँ भी सँभालीं।
एक दिन पिता ने पुराने संदूक से वही वंश वृक्ष निकाला। धूल साफ करते हुए उनकी नजर आर्या पर पड़ी।
उन्होंने धीमे से कहा,
“जिसे हमने इस वृक्ष की शाखा समझा ही नहीं, वही तो आज इसकी जड़ों को सींच रही है।”
उन्होंने कलम उठाई और वंश वृक्ष में पहली बार लिखा—
“आर्या — इस परिवार की बेटी।”
आर्या ने नाम देखा तो आँखें नम हो गईं।
पिता मुस्कुराए और बोले,
“बेटी किसी और घर की नहीं होती। वह जहाँ जन्म लेती है, वहाँ भी अपनी जड़ें छोड़ जाती है।”
उस दिन वंश वृक्ष में सिर्फ एक नाम नहीं जुड़ा था—
एक पुरानी सोच की जगह एक नया अर्थ जुड़ा था।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
