जहाँ समस्या है, वहीं समाधान की संभावना भी है
“जहाँ समस्या है, वहीं समाधान की संभावना भी है”—आज सोनम लड़ीवाला और किरण मोर की रचनाओं में व्यक्त यह विचार मेरे लिए केवल एक भाव-पल्लवन नहीं, बल्कि एक ऐसी बात बन गया है, जिसे मैं अपने अनुभव के साथ भी जोड़कर देख रही हूँ।
अन्तरा शब्दशक्ति की यात्रा में मेरा उद्देश्य हमेशा केवल रचनाएँ प्रकाशित करना नहीं रहा। मेरी कोशिश रही कि अच्छे लेखन को मंच मिले, नए रचनाकारों को प्रोत्साहन मिले और साहित्यकार अपनी रचनाओं को सुरक्षित दस्तावेज के रूप में देख सकें। इसी उद्देश्य से अनेक रचनाकारों की रचनाएँ प्रकाशित कीं, विशेषांक तैयार किए और साहित्यिक गतिविधियों को निरंतर आगे बढ़ाया।
लेकिन किसी भी साहित्यिक मंच की सफलता केवल संपादक के प्रयास से नहीं होती। उसके लिए रचनाकारों की सक्रिय सहभागिता, आपसी संवाद और मंच के प्रति अपनापन भी आवश्यक होता है। जब यह सहभागिता कम होती जाती है, तो मन में स्वाभाविक रूप से प्रश्न उठता है—आखिर यह सब किसके लिए और किस उद्देश्य से?
अन्तरा को चलाने में केवल समय और श्रम ही नहीं, आर्थिक व्यय भी जुड़ा है। लगभग ₹20000 प्रतिमाह का खर्च वहन करके किसी मंच को निरंतर चलाना तब सार्थक लगता है, जब उसके पीछे रचनाकारों का उत्साह और साहित्य के प्रति सामूहिक रुचि दिखाई दे। यदि वही रुचि नहीं रह गई, तो उस व्यवस्था को केवल अपने अकेले प्रयास से खींचते रहना मेरे लिए उचित नहीं लगता।
कई बार हम किसी समस्या को देखकर दुखी होते हैं, लेकिन वही समस्या हमें नया रास्ता भी दिखाती है। शायद मेरे सामने भी अब वही समय है।
इसलिए 01/09/2026 से अन्तरा शब्दशक्ति के नियमित प्रकाशन को विराम देने का निर्णय लिया है। इसे साहित्य से विदाई न समझें। लिखना मेरे लिए कभी बंद नहीं होगा। मेरी अपनी रचनात्मक यात्रा आगे भी जारी रहेगी। सम्भव है कि अन्तरा शब्दशक्ति की वेबसाइट को मेरे व्यक्तिगत साहित्यिक मंच—‘प्रीति समकित डॉट कॉम’—के रूप में नया स्वरूप दूँ, जहाँ मेरे लेखन और साहित्यिक कार्यों का दस्तावेज सुरक्षित रहे।
अन्तरा से जुड़े सभी रचनाकारों का आभार, जिन्होंने अपनी रचनाएँ भेजीं, विश्वास किया और इस यात्रा का हिस्सा बने।
कभी-कभी किसी यात्रा को रोकना उसका अंत नहीं होता—
वह अपने लिए एक नई राह चुनने की शुरुआत भी हो सकती है।
खुश रहें, मस्त रहें, व्यस्त रहें।
और लिखते रहें… क्योंकि शब्द कभी विदा नहीं होते।
-डॉ प्रीति समकित सुराना
