सरल शब्दों में इसका अर्थ है कि अति कभी भी अच्छी नहीं होती,चाहे वह किसी भी कारण से हो। संत कबीर दास जी लिखते हैं;;; अति भली न बरसना, अति भली न धूप, अति भली न बोलना, अति भली न चुप”।। इससे स्पष्ट है यदि बरसात अधिक होगी तो चारों ओर जल ही जल हो जाएगा। बाढ़ आ जाएगी,बाढ़ के प्रकोप से जानमाल की हानि होगी ।बीमारियां बढ़ेंगी और देश में अनाज की बर्बादी होने से महंगाई भी बढ़ेगी। इसी तरह यदि गर्मी की अधिकता हुई तो उससे सूखा पड़ेगा,अनाज की पैदावार कम होगी और देश में भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो जायेगी। इसी तरह हद से ज्यादा बोलना भी अच्छा नहीं होता। जो लोग बहुत ज्यादा बोलते हैं ,वह बोलते-बोलते मर्यादा की सीमा भी लांघ जाते हैं और यह कहीं न कहीं लड़ाई झगड़े और फसाद का कारण कारण बन जाता है और वह खुद के साथ-साथ दूसरों को भी दुखी करते है। इसके विपरीत बिल्कुल चुप रहने वाले को भी हम पसंद नहीं करते उसे घमंडी, अव्यावहारिक रूप में जाना जाता है। चुप रहना एक बहुत बड़ा गुण है वह हमारे धैर्य का भी प्रतीक है, किंतु अत्याधिक चुप्पी अवगुण के रूप में बदल जाती है। इसी प्रकार काम, क्रोध,लोभ, अहंकार, पद लालसा की भी अति बुरी और दुखदाई होती है। इस प्रकार सार यही है कि अति की गति घातक ही होती है।
-साधना छिरोल्या
दमोह( मध्य प्रदेश)
