अति सर्वत्र वर्जयेत

एक श्लोक है-
अति कामाद दशग्रीव:,
अति लोभात् सुयोधन:
अति दानात् हतः कर्ण:
अति सर्वत्र वर्जयेत

इसका अर्थ है कि हद से ज्यादा लालसा के कारण रावण का विनाश हो गया। दुर्योधन इच्छा के अतिरेक से और कर्ण दान की अति से डूब गया। इसलिए कहा गया है कि अति खराब होती है।
आजकल के जमाने में मोबाइल की अति हो गई है। चूँकि कोविड के दौरान पढ़ाई ऑनलाइन थी, ऐसे में बच्चे हद से ज्यादा मोबाइल चला रहे थे।धीरे-धीरे मोबाइल उनके लिए जरूरी चीज बन गई। ऐसे में यह सहूलियत उनकी जिंदगी में धीमा जहर बन गई और बच्चे इसके आदी हो गए। मोबाइल से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और वह अक्सर अनचाहे ऐप इस्तेमाल करने लगे।
मोबाइल के अपने फायदे और नुकसान हैं, पर दुर्भाग्य से युवा या बच्चे इसकी वजह से यदि अपराध की ओर बढ़ते हैं तो नुकसान ज्यादा होगा। समाज में संबंधों पर असर डालने के अलावा मोबाइल के हद से ज्यादा इस्तेमाल से दिमागी रूप से भी असंतुलन हो रहा है।
फंडा यह है कि आविष्कार जरूरी है। आगे बढ़ना सभ्यता का हिस्सा है। पर किसी भी चीज का बेजा इस्तेमाल उसी के खिलाफ हो जाता है जिसने उसका आविष्कार किया है। इसलिए यह आप पर निर्भर करता है कि उन आविष्कारों का कैसे आनंद उठाते हैं।
बदलते दौर में तकनीक ने जहाँ जीवन को आसान बनाया है ,वहीं इसके दुष्प्रभाव भी देखने को मिल रहे हैं।
जैसे कि हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। इसी तरह से मोबाइल वही है ,लेकिन किसी के लिए लाभदायक है तो किसी के लिए हानिकारक है।
मोबाइल ने आपसी संबंधों में संवाद बढ़ाया है। दूरियाँ घटाई हैं तो कई जगह संवादहीनता की स्थिति भी पैदा की है और दूरियाँ बढ़ाई हैं। क्योंकि सभी को हर समय मोबाइल पर वीडियो देखने की इतनी लत लग चुकी है कि अति हो गई है। पुरानी कहावत है अति सर्वत्र वर्जयेत ।
बहुत छोटे बच्चों के लिए तो मोबाइल बेहद हानिकारक है। लेकिन आजकल की आधुनिक माताओं को कौन समझाए,जो कहने को तो बहुत पढ़ी लिखी हैं, लेकिन यह नहीं जानतीं कि छोटे बच्चों को मोबाइल की लत लगाना कितना नुकसानदायक है। आजकल तो एक साल के बच्चे तक को भी माता- पिता ने मोबाइल दिलाया हुआ है।बच्चे उसमें कार्टून मूवी देखते रहते हैं। खाना भी खाएंगे तो मोबाइल देखते हुए।
मेरा अपना मानना है कि जब तक बच्चे को पढ़ाई के लिए मोबाइल की आवश्यकता ना हो, तब तक उसे मोबाइल नहीं दिलवाना चाहिए। कोरोनाकाल में तो मजबूरी थी क्योंकि ऑनलाइन क्लास हो रही थीं। तब मोबाइल फायदेमंद था। लेकिन जहाँ फायदेमंद था तो वहीं हानिकारक भी था।सभी बच्चों की आँखों पर मोटे -मोटे चश्मे लग गए थे। अब तो सब बच्चों को मोबाइल की बेहिसाब लत लग गई है। पहले बच्चों ने मोबाइल पर ब्लू व्हेल गेम खेलना शुरू किया। उससे कितने ही बच्चों ने आत्महत्या कर ली। शुक्र है कि सरकार ने उस पर प्रतिबंध लगा दिया। एक और खेल था पब जी जिसको देखते हुए बच्चों को खाने-पीने, नहाने धोने तक का होश नहीं रहता था। कई बच्चे तो तीन- तीन दिन लगातार उस गेम को खेलते रहते थे। ऐसे बच्चे पढ़ी लिखी माँ को भी बेवकूफ बनाने में बड़े चालाक हो जाते हैं तो अनपढ़ माँ की तो बात ही क्या है।
मोबाइल से तरंगें भी निकलती हैं। कई बार हाथ की उंगलियाँ निष्क्रिय तक हो जाती हैं।
जैसा कि मैंने पहले बताया कि कोई बच्चा आजकल ऐसा नजर नहीं आता जिसकी आँखों पर चश्मा न लगा हुआ हो। उनका आधा समय तो मोबाइल में अंट शंट प्रोग्राम देखने में व्यतीत होता है जिसकी वजह से कई बार पढ़ाई में भी पिछड़ जाते हैं।गरीब परिवारों के बच्चेे अच्छे नम्बर ला रहे हैं।अमीर अमीरी की शान दिखाने के लिए बच्चों को स्मार्ट्फ़ोन दिलाते हैं। मोबाइल की लत के कारण ही कई बार बच्चे गलत साइट्स पर न जाने क्या कुछ देखते हैं
मोबाइल के अन्य हानिकारक नुकसान
बच्चे किसी पारिवारिक उत्सव में भी माता-पिता के साथ जाना पसंद नहीं करते। यदि मजबूरी वश जाना पड़ जाता है या कोई उनके घर आता है तो वे अपने मोबाइल की दुनिया में ही व्यस्त रहते हैं। जिसका नतीजा यह होता है कि वे नजदीकी संबंधियों तक को भी नहीं पहचानते। केवल मोबाईल पर गेम खेलने वाले दोस्त और अपने खून के रिश्तों तक सीमित रहते हैं। और अब तो खून के रिश्तों का भी यह हाल हो गया है कि घर में रहते रहते भी मोबाइल पर चैटिंग होती है।
आजकल घर से बाहर निकल कर तो खेलने की आदत बिल्कुल ही छूट चुकी है। फिर चाहे वह लूडो हो या कैरम,चैस या कोई अन्य खेल। बच्चे दूर बैठे दोस्तों के साथ… जो विदेश में रहते हैं, खेल में इतने व्यस्त रहते हैं कि माँ के दस बार कहने के बाद भी खाना खाने का होश नहीं रहता। कई बार तो ऐसे घातक खेल खेलते हैं जिसमें कार रेसिंग होती है। खून खराबे वाले खेल भी होते हैं। जब घर के लोग जाग रहे होते हैं,तब बच्चे सो रहे होते हैं। जब घर के लोग सोते हैं तब वह सारी रात मोबाइल में व्यस्त रहते हैं। उनसे पूछो, “इतनी रात तक क्या कर रहे थे?” उत्तर मिलता है- “पढ़ाई कर रहे थे।”
छोटे बच्चों को तो एक बार डाँटा जा सकता है। मोबाइल छीना जा सकता है; लेकिन आजकल तो वह भी संभव नहीं मोबाइल के लती बच्चों के साथ वह भी नहीं कर सकते। न जाने कैसा कदम उठा लें।रोज तो खबरें पढ़ने को मिलती रहती है की मां ने बच्चों से मोबाइल छीना और बच्चे ने मौका देखकर मां को ही जान से मार दिया। इसका एक ही इलाज है कि बच्चों को मोबाइल तभी दिलाना चाहिए जब उनको कालेज में पढ़ाई के लिए आवश्यकता हो।
अभी तो शुक्र है कि स्कूल में मोबाइल ले जाना वर्जित है। कम से कम इतनी देर तो मोबाइल से दूरी रहती है।
आजकल बात- बात में जो खून खराबा हो रहा है, वह ऐसे खेलों की वजह से ही ज्यादा हो रहा है। बच्चे बात-बात में एग्रेसिव हो जाते हैं और मरने मारने पर उतारू हो जाते हैं। मोबाइल तभी फायदेमंद है जब उससे कोई क्रिएटिव काम किया जाए। दस साल के बच्चों को तो मोबाइल से दूर ही रखना चाहिए लेकिन आजकल की माता को कैसे रोका जाए जो बच्चों को दूध पिलाते समय भी मोबाइल में अपना समय बिताती हैं। भूल जाती हैं कि बच्चों को वात्सल्य चाहिए होता है जो उन्हें माँ के कोमल स्पर्श और अहसास द्वारा मिलता है लेकिन माँ यदि मोबाइल में व्यस्त रहेगी तो बच्चे को माँ के कोमल स्पर्श और ममता का अहसास तो नहीं होगा, हाँ मोबाइल की तरंगें बच्चे को प्रभावित जरूर करेंगी।
आजकल की माताओं को भी क्या कहा जाए। ज्यादातर अपने आप को सोशल साइट पर बिजी रखती हैं।
माना कि मोबाइल आज के समय की बहुत बड़ी जरूरत है। यह हमारे अपने हाथ में है कि हम इसका इस्तेमाल कुछ क्रिएटिव काम करने में कर रहे हैं या वक्त बर्बाद कर रहे हैं। रिश्तों को जीवित करने को समय दे रहे हैं या मोबाइल में व्यस्त रहकर रिश्तों को जीते जी मार रहे हैं। अपने बच्चों की जिन्दगी बर्बाद कर रहे हैं।

-राधा गोयल,
विकासपुरी (दिल्ली)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x