दिन चल रहे आजकल खास
दिवस जो आ रहा पास।
देश- विदेश में हो रही सब ओर धूम
संगोष्ठी, पखवाड़े में है सभी मशगूल।
अलंकार,छंद,लय, तुकांत में
मुझे पिरोया जाता।
अनुस्वार,अनुनासिक को
बिंदी सा सजाया जाता।
हर एक नज़र मुझ पर होती
दुल्हन सी श्रृंगार में जब मैं होती।
भावभीनी हो जाती
हर पुस्तक भी मेरी
उस दिन तक मैं
इतना सम्मान जो पाती।
रूप लगता तब इतना अनोखा
दुल्हन भी लगती फीकी फीकी।
दिन आता और चला जाता,
मुझमें मेरे होने का एहसास
दिला जाता।
मुझे मिल जाएंगे मेरे अपने
इस आशा से हर किरण को देखती।
आज भी स्कूल, कॉलेज, दफ़्तर में
स्थान अपना पाने मैं भटकती।
संवादों की गरिमा में रहती थी
लुप्त होती जा रही वो जगह भी मेरी।
जाते जाते इतना ही है कहना
मुबारक देते हो अच्छा है लगता।
हर क्षण प्रेम करो तब वो
ज़्यादा सच्चा लगता ।
मान देने वाले हर क्षण करते सम्मान मेरा
एक ही दिन की प्रतीक्षा ना कर
उत्सव मनाते रोज़ सदा।
दिन चल रहे आजकल खास
दिवस जो आ रहा मेरा पास।
-विशाखा सिंघल
