कभी कहते हैं
जी रहे हैं…
कभी लगता है
बस निकल रही है ज़िंदगी।
सुबह होती है,
शाम हो जाती है,
एक दिन जाता है,
एक तारीख़ बदल जाती है।
काम करते हैं,
घर लौटते हैं,
थककर सो जाते हैं,
फिर वही सुबह आती है।
कुछ पाने की सोचते हैं,
कुछ खोने से डरते हैं,
कल बेहतर होगा कहकर,
आज को ही टालते रहते हैं।
कभी हँस लेते हैं,
कभी रो लेते हैं,
कभी दोस्तों में बैठकर
कुछ पल जी लेते हैं।
फिर अचानक सोचते हैं
आख़िर जी क्या रहे हैं?
या बस घड़ी की सुइयों के साथ
धीरे-धीरे निकल रहे हैं?
उम्र बढ़ती जाती है,
ख्वाहिशें वहीं खड़ी रहती हैं,
वक्त आगे बढ़ता रहता है,
और हम कहते रहते हैं
“अभी तो बहुत वक्त है
फिर एक दिन पीछे मुड़कर देखते हैं,
तो पता चलता है
जिन दिनों को जीना था,
वो दिन तो निकल गए।
शायद ज़िंदगी का मतलब
हर पल खुश रहना नहीं,
बस इतना है कि
जब वक्त गुज़रे,
तो दिल ये कह सके
“हाँ…
कुछ पल मैंने सच में जिए थे,
सिर्फ़ गुज़ारे नहीं थे।”
-मोहित भाटिया
