आए माता – पिता – पितामह, परम् पिता परमात्म।
स्वागत वंदन श्रद्धा पूजन, करें संतुष्ट आत्म।।
जिनके ऋण से मुक्त नहीं हम, कर लें कुछ उद्धार।
धन – दौलत सब प्राप्त विरासत, दें प्रेमिल उपहार।।
अंतस में रहते हैं सबके, दें आशीष अपार।
पक्ष महालय श्राद्ध सुखद है, पीढ़ी का विस्तार।।
सत्य – सनातन परंपरा शुभ, धर्म – कर्म आध्यात्म।।
काले तिल से संकट हरता,मधु- घृत सुखद मिठास।
वस्त्र – अन्न धन – कंबल चादर,दान भाव सुख आस।।
पंच ऋणी हर व्यक्ति सदा हैं,निज का मोक्ष प्रयास।
भूखे प्यासे कोई रहे न, दुखिया दीन उदास।।
सोलह होते दिवस श्राद्ध के, साक्ष्य सर्व शोधात्म।
जो बोओगे वो काटोगे, सदा रहे बस याद।
आशीषों के द्वार खोलिए,सुनिए आत्म निनाद।।
पूज्य पितृ पक्ष पुण्य संग्रहण, काल न लौटे बाद।
जीते जी सद्गति मिल जाए, मधुर प्रेम संवाद।।
बिंब सूर्य जल काग गाय हैं, दीप नेह संज्ञात्म।।
आए माता – पिता – पितामह, परम् पिता परमात्म।।
-अमिता रवि दुबे
