वेदना

बैनर्जी सर का एक समय बहुत नाम था। कॉलेज के 150 शिक्षकों में उनकी अपनी अलग पहचान थी। अनुभव ऐसा कि विद्यार्थी तो विद्यार्थी, अन्य शिक्षक भी अपनी सांसारिक और शैक्षणिक गतिविधियों में उनसे सलाह लेते और वे सहर्ष सबकी मदद करते।
पर कहते है न, हर चीज का एक समय होता है। उम्र के साथ व्यक्ति की सक्रियता भी धीमी पड़ने लगती है। बैनर्जी सर भी जीवन के उसी दौर से गुजर रहे थे। 85 वर्ष के हो चुके थे।
अब उनके पास कोई विशेष काम या गतिविधि शेष नहीं थी। एक दिन वे सड़क किनारे चुपचाप बैठे दिखाई दिए। एक व्यक्ति रोज उन्हें देखकर आगे बढ़ जाता था।एक दिन उसने सहज ही पूछ लिया, “बाबा, आप रोज यहाँ ऐसे क्यों बैठे रहते हैं? क्या आपका कोई घर या अपने नहीं हैं?”वे मुस्कराए, “अपने तो हैं बेटा, बस अब उनके पास मेरे लिए समय नहीं।”
बातों-बातों में पता चला कि वे कभी कॉलेज के प्रोफेसर थे। सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य सँवारा था। आज उम्र के इस पड़ाव पर अपने ही घर में उनकी उपयोगिता जैसे समाप्त हो गई थी।
उस दिन व्यक्ति ने पैसे देने के बजाय उनके पास बैठकर देर तक बातें कीं। वह समझ गया कि यह मनुष्य ज्ञान का अथाह भंडार है। इसके बाद उनकी मुलाकातों का सिलसिला नियमित हो गया।
धीरे-धीरे उस व्यक्ति को एहसास हुआ कि बैनर्जी सर की वेदना केवल अकेलेपन की नहीं, बल्कि अपने ज्ञान और अनुभव के अनुपयोगी हो जाने की भी थी। वह उनसे जीवन, शिक्षा और अनुभवों की बातें करता, उनकी सलाह लेता। बैनर्जी सर के चेहरे पर फिर वही पुरानी शिक्षक वाली चमक लौटने लगी।
एक दिन वृद्ध की आँखें नम हो गईं।
“बेटा, आज बहुत दिनों बाद किसी ने मेरी जरूरत नहीं, मुझे देखा है।”
व्यक्ति कुछ पल मौन रहा। उसे पहली बार समझ आया कि हर वेदना का उपचार धन नहीं होता।कभी-कभी किसी के पास बैठ जाना,उसे समझना , उसकी सबसे बड़ी पीड़ा का मरहम बन जाता है।

-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x