कितना विचित्र है कि हम जिस जीवन की एक साँस भी अकेले नहीं जुटा सकते, उसे केवल अपना मानकर जीने का दावा करते हैं!
कहते हैं, “मेरा जीवन है, मेरी इच्छाएँ हैं, मेरी सफलता है और मुझे अपने लिए जीना है।” लेकिन क्या कभी सोचा है कि इस ‘मेरे’ के पीछे कितने लोगों का श्रम, कितने संबंधों का स्नेह, कितनी पीढ़ियों का योगदान और प्रकृति का कितना अनमोल सहयोग छिपा है? जिस अस्तित्व को हम अपना कहते हैं, उसकी बुनियाद ही दूसरों से जुड़ी है। जन्म से लेकर जीवन की अंतिम साँस तक हम किसी न किसी रूप में परिवार, समाज और प्रकृति पर निर्भर रहते हैं।
विडंबना यह है कि हम सहयोग से बने जीवन में अकेले जीने की स्वतंत्रता तलाश रहे हैं।
निस्संदेह, अपने सपनों, इच्छाओं और मानसिक शांति के लिए जीना हमारा अधिकार है। लेकिन अपने लिए जीने की चाह में यह भूल जाना कि हमारा अस्तित्व असंख्य संबंधों और सहयोगों का परिणाम है, जीवन के अधूरे सत्य को स्वीकार करना है।
सुबह उठकर हम नल खोलते हैं, पानी मिल जाता है। चूल्हा जलता है, चाय बनती है, अन्न पकता है। यह सब इतना सहज लगता है कि हम उसके पीछे जुड़े असंख्य हाथों को भूल जाते हैं। खेत में अन्न उगाने वाला किसान, उसे बाजार तक पहुँचाने वाला व्यक्ति, घर तक सामान पहुँचाने वाला दुकानदार और व्यवस्था को सुचारु रखने वाले अनगिनत लोग हमारे जीवन का हिस्सा हैं, भले हम उन्हें जानते तक न हों।
हम अपनी सफलता को भी अक्सर केवल अपनी मेहनत का परिणाम मानते हैं। मेहनत निस्संदेह हमारी होती है, लेकिन उस सफलता की जमीन अकेले हमने नहीं बनाई। माता-पिता के संस्कार, शिक्षक का मार्गदर्शन, किसी का दिया अवसर, मित्र का विश्वास और कठिन समय में मिला सहयोग, हमारी यात्रा में कहीं न कहीं शामिल होते हैं।
एक लेखिका के रूप में जब मैं अपने साहित्यिक और प्रकाशन कार्य को देखती हूँ तो यह बात और स्पष्ट होती है। एक पुस्तक केवल लेखक की कलम से प्रकाशित नहीं होती। लेखन के साथ संपादन, संयोजन, डिजाइन, तकनीकी सहयोग और पाठकों तक पहुँचने की पूरी प्रक्रिया जुड़ी होती है। अन्तरा शब्दशक्ति के साहित्यिक कार्यों में भी अनेक रचनाकारों और सहयोगियों के साथ मिलकर काम करते हुए मैंने अनुभव किया है कि एक व्यक्ति की पहल तभी व्यापक रूप लेती है, जब वह “मैं” से “हम” बनती है।
फिर “मैं किसी पर निर्भर नहीं हूँ” कहना कितना सच है?
मनुष्य संकट में इस सत्य को सबसे अधिक महसूस करता है। बीमारी में चिकित्सक और दवा की जरूरत होती है, कठिन समय में किसी अपने की उपस्थिति मन को संभालती है और कई बार किसी अनजान व्यक्ति की छोटी-सी सहायता भी जीवन में बड़ा परिवर्तन ला देती है। आत्मनिर्भर होना शक्ति है, लेकिन पूर्णतः आत्मनिर्भर होना मनुष्य के लिए संभव नहीं।
हम प्रकृति पर भी उतने ही निर्भर हैं। भारतीय चिंतन ने पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश को पंचतत्व कहा है। आधुनिक दृष्टि से भी मनुष्य अपने पर्यावरण से अलग नहीं है। हम घर बदल सकते हैं, जीवनशैली बदल सकते हैं, तकनीक विकसित कर सकते हैं, लेकिन हवा, पानी, धरती और प्राकृतिक संसाधनों के बिना जीवन की कल्पना नहीं कर सकते।
हमारा “मैं” भी अकेले नहीं बना। उसमें परिवार की सीख, शिक्षक की डाँट, मित्रता के अनुभव, समाज के संस्कार और समय की परिस्थितियाँ शामिल हैं। इसलिए मनुष्य को केवल स्वतंत्रता ही नहीं, संबंध और आत्मीयता भी चाहिए।
आज मोबाइल में सैकड़ों संपर्क हो सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि उनमें कोई ऐसा भी हो जिसके सामने हम बिना संकोच अपने मन की बात कह सकें। संपर्कों की संख्या और संबंधों की गहराई अलग-अलग बातें हैं। प्रसन्नता को बाँटने वाला और पीड़ा को समझने वाला कोई अपना हो, यह मनुष्य की सहज आवश्यकता है इसलिए प्रश्न यह नहीं कि “मैं अपने लिए जीऊँ या दूसरों के लिए?”
प्रश्न यह है कि “क्या मैं अपने लिए भी जी रहा हूँ और उन लोगों तथा उस प्रकृति के प्रति भी सजग हूँ, जिनके कारण मेरा जीवन संभव है?”
सच्ची स्वतंत्रता शायद वहीं है जहाँ हम दूसरों की अपेक्षाओं में स्वयं को खोते नहीं और अपनी स्वतंत्रता में अपनों को भूलते नहीं। अपने सपनों को समय देना स्वार्थ नहीं और दूसरों की जरूरत होना कमजोरी नहीं।
आइए, अपने लिए भी जीएँ, लेकिन अकेले नहीं।
अपने सपनों को समय दें, अपनों को अपनापन दें और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएँ।
जिन अनगिनत हाथों ने हमारे जीवन को सँभाला है, उनके प्रति कृतज्ञ रहें और किसी दूसरे के जीवन में सहारा, विश्वास और उम्मीद बनने का प्रयास करें।
अपने “मैं” को बचाइए, लेकिन अपने “हम” को मत खोइए।
-डॉ. प्रीति समकित सुराना
