मेरी मौत ने मुझसे जीने की वजह माँगी,
मैंने चुप रहकर अपनी ही धड़कन देखी।
धड़कन ने कहा—अभी सफर बाकी है,
सफर ने कहा—अभी कुछ असर बाकी है।
असर की बात चली तो माँ याद आई,
माँ की आँखों में मेरी दुनिया नज़र आई।
दुनिया की बात चली तो घर याद आया,
घर याद आया तो बचपन लौट आया।
बचपन लौटा तो वो सपने भी आए,
जो आँखों ने देखे थे, दिल ने सजाए।
सपनों ने पूछा—हमें पूरा कब करोगे?
मैंने कहा—पहले खुद को पूरा तो करोगे।
खुद को पूरा करने निकला तो रास्ते मिले,
रास्तों में कुछ अपने, कुछ फासले मिले।
फासलों ने रिश्तों का मतलब समझाया,
रिश्तों ने अकेलेपन से मिलवाया।
अकेलापन मिला तो खामोशी मिली,
खामोशी में मेरी अपनी आवाज़ मिली।
आवाज़ ने कहा—तू इतना क्यों टूटा है?
मैंने कहा—हर बार किसी अपने से ही छूटा है।
छूटने की बात पर आँखें भर आईं,
आँखों ने पुरानी कई तस्वीरें दिखाई।
तस्वीरों में कुछ चेहरे मुस्कुरा रहे थे,
और कुछ चेहरे बिना अलविदा जा रहे थे।
तभी मौत ने फिर मेरे कंधे पर हाथ रखा,
बोली—“अब बता, क्या है तेरा इरादा?”
मैंने कहा—“अब मरने की जल्दी नहीं है,
अभी जिंदगी से मेरी दोस्ती हुई है।”
मौत मुस्कुराई और पीछे हट गई,
मेरी बुझी हुई आँखों में रोशनी भर गई।
मैंने पूछा—“तू वापस क्यों चली गई?”
वो बोली—“तुझे जीने की वजह मिल गई।”
उस दिन समझ आया, मौत अंत नहीं होती,
कभी-कभी वो जिंदगी की शुरुआत होती।
जिसे हम खत्म समझकर रोते रहते हैं,
वहीं से हम खुद को फिर से खोजते हैं।
अब मौत आए तो उससे इतना कहूँगा,
“अभी थोड़ा और इस दुनिया में रहूँगा।
अभी कुछ सपनों को सच बनाना बाकी है,
अभी खुद से किया वादा निभाना बाकी है।”
-मोहित भाटिया
