मैंने सबके लिए खूब किया,
करते-करते पता चला
कि मैं खुद से ही खो गई….
बिन सोचे अपनों के नाम
यूँ ही ठहर जाना…
बातों का पिटारा खोल
मन की हर बात कह जाना…..
क्या सही था…?
सोचती हूँ अब पहले जैसी
आख़िर क्यों नहीं…?
समय के पीछे दौड़ती रही,
समय के साथ भागती रही,
समय के लिए तरसती रही,
समय की व्यस्तता में अटकी रही…
समय और समय के खेल में
जाने कब समय के साथ
इतनी बड़ी हो गई……….
सब समय है…
है न… समय-समय की बात।
पर अब मैं समय पर खड़ी हूँ,
बातों से लोगों को चुभी हूँ…
किसी की नज़रों में उठी,
तो किसी की नज़रों में सही नहीं…
क्या फ़र्क पड़ा…?
देखती हूँ….
अब मौन देखती हूँ,
मन की सुनती हूँ।
सब बोलते हैं तो
मैं समय को देखती हूँ।
सब समय का खेल,
और सच समय से मिलती हूँ।
अनुभव का सिलसिला
समय-दर-समय सिखाता गया…..
क्या समय से डरी हूँ…?
छीना बहुत कुछ समय ने,
लेकिन जिताया भी समय ने।
मेरे हिस्से का मुझे मिला है…
सच तो समय ने ही सब दिया है।
बहुत कुछ गया, जो मेरा था,
अब मेरा नहीं है…
और जो मेरा है नहीं, उसके लिए
सच, कोई ज़िद भी नहीं है………
लेकिन हिस्से का मेरा
कभी किसी ने लिया ही नहीं…
क्योंकि समय ने सच का साथ दिया।
मुझे जो मिला…
ये मेरा हिस्सा
और बन गया है
जीवन का किस्सा…
तो क्या कुछ बदला…?
अरे, बदला है न—समय!
कि समय अब पहले-सा रुलाता नहीं…
बेख़ौफ़ ज़िंदगी मेरी…!!
-नंदिता तनूजा
लखनऊ (उत्तर प्रदेश )
