आओ आओ एक बात बताएं,
महालक्ष्मी की कथा सुनाएं।।
कहती थी दादी और नानी,
उनकी कहानी मेरी जुबानी।।
हस्तिनापुर में थी दो रानी,
गांधारी और कुंती रानी,
पांच पुत्र थे कुंती जी के,
सौ पुत्र गांधारी जी के।।
महालक्ष्मी का शुभ दिन आया,
नगर में मंगल उत्सव छाया,
गांधारी के महल में देखो,
कैसा हर्षोल्लास है छाया।।
सौ पुत्र लाए थे माटी,
जिनसे बना विशाल हाथी,
छप्पन भोग पकवान बने थे,
सोने के तो कलश सजे थे।।
ढोल नगाड़े बाजन लागे,
नर नारी सब नाचन लागे,
हुआ कोलाहल देखो भारी,
निकली गजराज की सवारी।।
गांधारी ने देखो तो,
कितना है अभिमान किया,
गजराज के पूजन को,
कुंती को न्योता नहीं दिया।।
अपने महल में कुंती माई,
उनके मन में चिंता छाई,
पूछे पुत्र क्या हुआ माई,
मुख पर क्यों उदासी छाई।।
बोली कुंती सुनो हे पुत्र,
आज महालक्ष्मी का दिवस,
कौरव पूरे सौ है भाई,
मिलकर विशाल गजराज बनाई।।
महारानी गांधारी ने भी,
मुझको खबर नहीं जनाई,
तुम तो केवल पांच हो भाई,
कैसे मूरत है बन जाई।।
अर्जुन बोले इतनी सी बात,
आप न हो बिल्कुल उदास,
इंद्रदेव को खबर जनाउँ,
साक्षात ऐरावत बुलवाऊं।।
इंद्र को चिट्ठी भेजी सादर,
ऐरावत को भेजो प्रियवर,
इंद्र कहे सीढ़ी बनवाओ,
जिससे ऐरावत ले जाओ।।
ऐरावत के वीर महावत,
मातिल को है खबर जनाई,
ऐरावत को भूलोक पर,
ले जाने की आज्ञा सुनाई।।
अर्जुन ने प्रत्यंचा चढ़ाकर,
स्वर्ग तक सीढ़ी बनाई,
इंद्र ने भेजा एरावत को,
सीढ़ी के रास्ते भाई।।
भूलोक पर आए ऐरावत,
सब ने उनका स्वागत कीन्हा,
गजराज ने कृपा बरसा कर,
खूब आशीष संग में दीन्हा।।
कुंती ने भी ऐरावत को,
छप्पन भोग हैं खूब बनाए,
ऐरावत की पूजा करके,
उनको तो है खूब खिलाये।।
शंख मृदंग है बाजन लगे,
पुष्प भी तो खूब हैं बरसे,
उनके पीठ पर बैठी कुंती,
नगर भ्रमण को ऐरावत निकले।।
हे गजराज कृपा बरसाना,
हम सब की तो लाज राखना,
बच्चों की है रक्षा करना,
अपना आशीष बनाए रखना।।
महालक्ष्मी मैया मेरी,
खूब कृपा बरसाते रहना,
धन-धान्य के भंडार भरना,
सुख-सौभाग्य बनाये रखना।।
कथा के फिर अंत में देखो,
अक्षत छोड़तीं सोलह बार,
और साथ में ये बोल भी,
कहतीं जातीं थी हर बार।।
आमोती दामोती रानी,
पोलापरपाटन गांव
जहां के मंगलसेन राजा,
बम्भन बरुआ कहें कहानी ,
सुनो है महालक्ष्मी देवी रानी,
तुमसे कहतीं हमसे सुनतीं,
सोलह बोल की एक कहानी।।
-साधना छिरोल्या
दमोह (मध्यप्रदेश)
