परमात्मा हमसे दूर नहीं
वह तो हमारे ही आसपास है
अग्नि जल, वायु, आकाश
धरा के अद्भुत नज़ारों में
नभ के सूर्य चांद, तारों में।
खेतों में धान की बालियां
वनस्पतियों की हरियाली से
सुशोभित अद्भुत बहारों में।
सरोवर मे विकसित कमल
परागों पर मंडराते भ्रमरों
का गुंजन, शीतल पवन के
झोंके, प्रकृति के इशारों में।
सागर की आसमान छूती
ऊंची लहरों के मधुर नर्तन,
मां की ममता, प्यार दुलार
अपनों के आत्मीय सहारों में
ऊंची सोच और विचारों में।
-चंद्रकांत अग्रवाल
