जो भीतर से खिले वही हैं,सच में असली फूल।
आत्म शांति संतोष भरे वे,हर मौसम अनुकूल।।
सदाबहार वे हँसते रहते, पथ को दें मुस्कान।
घर – आँगन गुलशन महकाते,सब दिन एक समान।।
झूठे कागज के फूल सजे, आडंबर के धूल।
जो भीतर से खिले वहीं हैं, सच में असली फूल।।
धूप – शीत वर्षा सह लेते,खिलते सुखद विहान।
स्वागत करते भोर शौर्य का,दीप्त सदा दिनमान।।
पवन प्रसारित करता परिमल,धरा – सुगंध समूल।
जो भीतर से खिले वही हैं, सच में असली फूल।।
देश -प्रेम उत्सव की माला, शीश धरे भगवान।
शूल चुभोते नहीं कभी वो,नेक कर्म पहचान।।
विटप लता पत्ते जड़ प्रेमिल, बढ़े न कटुक बबूल।
जो भीतर से खिले वही हैं, सच में असली फूल।।
जो भीतर से खिले वही असली फूल हैं।
मन प्रसन्न हो बगिया जैसा प्रिय वे अनुकूल हैं।।
-अमिता रवि दुबे
