आज उसने खुद को चुना,
खुद के लिए ख्वाब बुना।
बात पुरानी है, ये उसकी कहानी है,
किसी और से न सुनी-सुनाई,
ये खुद की जुबानी है।
जिसने सींचा घर को,
अपना आशियाँ समझकर,
जिसने सँवारे रिश्तों को,
अपनी दुनिया समझकर।
खुश हो जाती थी जो बच्चों-सी,
हर छोटी-छोटी बात पर,
बाँट देती थी अपनी खुशियाँ,
रात-दिन की सौगात पर।
कभी पति की मुस्कान में
अपनी खुशी तलाशती थी,
कभी बच्चों की सफलता में
अपनी जीत समझती थी।
अपने हिस्से के सपनों को
चुपचाप संदूक में रख देती,
और अपनों की हर चाहत को
अपनी चाहत कह देती।
वर्षों यूँ ही बीत गए,
पता ही नहीं चला,
कब उम्र ने करवट ली,
जिस घर को अपना संसार समझा,
एक दिन उसी संसार में
वो खुद ही कुछ कम-सी लगी।
जब कदम थकने लगे उसके,
जब आँखों को सहारे की चाह हुई,
तब रिश्तों की भीड़ में भी
जाने वो क्यों गुमराह हुई।
जिसके लिए हर पल उपलब्ध थी,
आज उनको उसके लिए समय नहीं था,
जिसने सबको अपना माना,
शायद उसका कोई अपना नहीं था।
बहुत दिनों तक सहती रही,
हर बात को चुपचाप पीती रही,
कभी शिकायत नहीं की उसने,
बस भीतर ही भीतर जीती रही।
फिर एक दिन आईने के सामने
खुद से ही सवाल किया—
“क्या मेरी भी कोई दुनिया है,
या मैंने खुद को ही भुला दिया?”
उस दिन उसने आँसू पोंछे,
और खुद का हाथ थाम लिया।
जो सपने बरसों सोए थे,
उनको फिर से नाम दिया।
अब किसी की मंजूरी नहीं,
किसी की प्रतीक्षा नहीं,
अब अपने मन की सुनेगी,
हर खुशी के लिए
किसी और की अपेक्षा नहीं।
-रीति झा
