सूरज को उदय होने में
हो सकती है कभी देर,
पर स्वामिनी को हक़—
कहाँ देर तक सोने का!
याद नहीं, कब इत्मीनान से
आँख लगी थी उसकी…
सुबह हाथ में
चाय का कप थामा,
पीते-पीते सबके लंच बॉक्स
पैक हो गए।
बाबूजी को
चाय-दवाई पकड़ाना,
इसी चक्कर में
आज फिर अपना लंच बॉक्स
भूल जाना।
ऑफ़िस से आते ही
आवाज़ लगाई—
“काकू, ज़रा चाय पिलाना।”
फिर याद आया—
आज तो काकू की छुट्टी है!
खुद ही चाय बनानी है
लेकिन आज
रसोई की भी छुट्टी करनी है,
सबके लिए पिज़्ज़ा मँगाना है।
पर—
बाबूजी की खिचड़ी
तो बनानी है!
-पुष्पा अरविंद शर्मा
नागपुर
