मातु दुर्गा भावनामय हो नमन स्वीकार मेरा।
स्वागतम सत्कार करता अश्रुभीना स्नेह सारा।
अक्षरों में घोलकर अपने हृदय की भावनाएं
मैं तुम्हारी प्रार्थना का गीत होना चाहती हूं।
कंटकित हैं पंथ सारे विवशताओं से घिरा मन।
जग के अंधेरे तिमिर में कालिमामय हृदय-दर्पण।
सृजन का आलोक बिखरे हो सुशोभित सृष्टि सारी
मैं तुम्हारी वर्तिका का दीप होना चाहती हूं।
आज करुणासिक्त ,पावन सजल हो ममता का आंचल ।
भूख निर्धनता अभावों से घिरा धरती का दामन।
नयन में करुणा संजोए हृदय में संकल्प सारे
मैं समर्पित याचना की पंक्ति होना चाहती हूं।
-पद्मा मिश्रा
जमशेदपुर
