शक्ति प्रदायिनी मां योग माये
शक्ति का संचार करो।
डटे रहें हम कर्म क्षेत्र में
धैर्य शक्ति का दान करो।
बाधाओं के घने मेघ जब
चित् पटल पर छा जाएं
सहनशक्ति और संयम की
पावन पवन प्रसार करो।
नहीं रहे कोई भेदभाव
आपस में भाईचारा हो
धर्म युक्त हो काम, अर्थ
विमल विवेक प्रदान करो।
शक्तिमान की अभिन्न शक्ति
तुमसे ही जग में जीवन है
मन के सभी कलुष मिटाकर
मधुर भाव का प्रकाश करो।
सभी तुम्हारी संताने मां
सबका तुम पालन करतीं
अन्न जल और वायु देकर
प्राणों की रक्षा करतीं।
हम शरण पड़े हैं मां तेरी
अपने आंचल में आश्रय दो
दैवी सदगुण जागृत कर
प्रेम भक्ति प्रदान करो।
-चंद्रकांता अग्रवाल
रायपुर (छत्तीसगढ़)
