तुम शक्ति हमारी बन जाओ,ओ मातु नमन शतशत वंदन
जग में घनघोर अंधेरा है,धूमिल आशा का सबेरा है
खो गया उम्मीदों का सूरज,पशुता ने मन को घेरा है।
तुम दिव्य-ज्योति बन आ जाओ,ओ मातुनमन शतशत वंदन
पल रहे अभावों के दानव,हिंसा फैली हर अंतर में
ये भूख गरीबी के निशिचर,यातना शिविर बनते घर में
आशा की ज्योति जला जाओ,हो मातु नमन शतशत वंदन
तुम ने धरती की लाज रखी,दुष्टों का नाश किया पल में
नारी की गरिमा हो पूजित,तुमने सम्मान दिया जग में
तुम कालरात्रि बन आ जाओ,हो मातु नमन शतशत वंदन!!
-पद्मा मिश्रा
जमशेदपुर
