जब हो जाती हूँ शक्तिविहीन
ऊर्जा का हो जाता है खाली भंडार
माँ तुम्हे याद करते ही पल में
होता है नव जीवन का संचार।
तुम जीवन दायिनी हो
तुम्हारी भेंटे हैं अपार
नमन करें और पा जायें माँ
सुखों के सारे संसार।
जब अंधकार छा जाए मन में
निराशा छाए दिल के द्वार
तुम ज्योत सी बन के जगमग हो
मिल जाएं आशा के उपहार।
हे माँ! तुम साथ सदा रहना
जैसे संग रहे परिवार
जब पास तुम्हारे आऊँ मैं
कर देना आशु का उद्धार।
-डॉ आशु जैन
